पश्चिम बंगाल सरकार राज्य कर्मचारियों की आकस्मिक वित्तीय जरूरतों के लिए नई ऋण योजना लाने की तैयारी कर रही है। इस योजना के तहत कर्मचारियों को बैंकों और वित्तीय संस्थानों से अल्पकालिक और दीर्घकालिक ऋण मिल सकेगा। वित्त विभाग ने योजना की रूपरेखा पर बैंकों और वित्तीय संस्थानों के साथ प्रारंभिक बातचीत की है। नवान्न सूत्रों के अनुसार, विभाग ने इसके लिए इच्छुक संस्थानों से रुचि पत्र आमंत्रित किए थे, जिसके बाद उनके प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई।
प्रस्तावित व्यवस्था में राज्य सरकार सीधे ऋण की गारंटी नहीं लेगी, बल्कि बैंक और कर्मचारी के बीच समन्वयक की भूमिका निभाएगी। कर्मचारियों के वेतन से हर महीने ऋण की किस्त काटकर संबंधित बैंक या वित्तीय संस्थान तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी। योजना को ‘शून्य लागत और शून्य दायित्व’ के सिद्धांत पर तैयार करने की बात कही गई है।
बैठक में बैंकों ने ऋण के लिए गारंटर की व्यवस्था पर सवाल उठाए। वित्त विभाग ने स्पष्ट किया कि सरकारी नियमों के अनुसार राज्य सरकार कोई वित्तीय दायित्व नहीं लेगी। बैंकों ने यह भी पूछा कि कर्मचारी के निलंबित होने या नौकरी में व्यवधान आने पर बकाया राशि कैसे वसूली जाएगी। विभाग ने बताया कि संबंधित आहरण एवं संवितरण अधिकारी (डीडीओ) बैंक को इसकी जानकारी देंगे, जिसके बाद वसूली की कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रिया संबंधित वित्तीय संस्थान को ही पूरी करनी होगी।
वित्त विभाग की प्रारंभिक अधिसूचना में अल्पकालिक ऋण पर ब्याज के स्थान पर केवल एक प्रतिशत प्रसंस्करण शुल्क लेने और अगले महीने ही भुगतान करने का प्रस्ताव था। हालांकि, बैंक प्रतिनिधियों ने कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक के दिशा-निर्देशों और मौजूदा बैंकिंग नियमों के तहत बिना ब्याज के वाणिज्यिक ऋण देना संभव नहीं है। सरकारी गारंटी न होने की स्थिति में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक किन शर्तों पर ऋण देंगे, इस पर भी चर्चा हुई। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, बैंकों की ओर से उठाए गए तकनीकी और वित्तीय मुद्दों पर विचार किया जा रहा है, ताकि योजना व्यावहारिक और कर्मचारी हितैषी बन सके। सरकारी कर्मचारी संगठनों को उम्मीद है कि अंतिम रूप में ऐसी व्यवस्था तैयार होगी, जिसमें कर्मचारियों को आसानी से और कम ब्याज पर ऋण मिल सकेगा।
