तेल अवीव: इजरायल के पूर्व प्रधानमंत्री नेफ्टाली बेनेट ने अगली सरकार के नेतृत्व के लिए गादी आइजेनकोट का समर्थन किया है और नेतन्याहू के नेतृत्व वाली सरकार में शामिल होने की संभावना से इनकार किया है। नेतन्याहू के साथ दो घंटे की बैठक के बाद बेनेट का यह पहला सार्वजनिक बयान था। बुधवार की इस मुलाकात के बाद अटकलें लगाई जा रही थीं कि बेनेट आइजेनकोट के गुट से अलग हो सकते हैं।
शनिवार को बेनेट ने कहा कि वह आइजेनकोट के नेतृत्व में एक जायोनी एकता सरकार बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं, जिसका मकसद देश को पटरी पर लगाना है। उन्होंने नेतन्याहू को प्रधानमंत्री पद के लिए समर्थन देने से साफ इनकार करते हुए कहा कि वह यह सुनिश्चित करने को प्रतिबद्ध हैं कि नेतन्याहू अगले प्रधानमंत्री न बनें। बेनेट ने जोर देकर कहा कि उनकी पार्टी किसी भी हाल में नेतन्याहू के साथ नहीं जुड़ेगी।
यह घोषणा ऐसे समय में हुई है जब आइजेनकोट ने नेतन्याहू की लिकुड पार्टी को गठबंधन पर बातचीत के लिए आमंत्रित किया है। जवाब में लिकुड पार्टी ने कुछ शर्तें रखी हैं, जिनमें नेतन्याहू और उनकी सरकार के सदस्यों का बहिष्कार खत्म करना शामिल है। हालांकि, यह साफ नहीं है कि इसमें नेतन्याहू के प्रधानमंत्री बनने की शर्त शामिल है या नहीं।
आइजेनकोट और उनके ब्लॉक के नेताओं ने चुनाव प्रचार के दौरान नेतन्याहू के शासन को खत्म करने का वादा किया था, जिनमें नेफ्टाली बेनेट, अविग्डोर लिबरमैन और यायर गोलान शामिल हैं। लेकिन पिछले महीने हुए चुनाव में दोनों गुटों को बहुमत न मिलने के बाद सरकार बनाने को लेकर उनके बीच विभाजन हो गया है। बेनेट चाहते हैं कि लिकुड पार्टी को साथ लेकर यूनिटी सरकार बनाई जाए, जबकि लिबरमैन अति-रूढ़िवादी दलों को सरकार में शामिल करना चाहते हैं। एक तीसरा विकल्प अरब पार्टियों के समर्थन से सरकार बनाने का है, जिसका समर्थन डेमोक्रेट नेता यायर गोलान कर रहे हैं। आइजेनकोट से संकेत दिया गया है कि लिकुड और अति-रूढ़िवादी यूटीजे के साथ बातचीत विफल होने पर इस विकल्प पर विचार किया जा सकता है।
