बेतला नेशनल पार्क के नाम पर रेलवे स्टेशन बनाने और केड़-बेतला मार्ग पर रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के निर्माण की पहल शुरू हो गई है। शुक्रवार को पथ निर्माण विभाग और रेलवे की संयुक्त टीम ने प्रस्तावित आरओबी के लिए स्थल का निरीक्षण किया। इस कदम से पर्यटकों की आवाजाही आसान होने, पर्यटन को बढ़ावा मिलने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलने की उम्मीद है।
निरीक्षण के दौरान पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता प्रभाकर सिंह, सहायक अभियंता राजेंद्र महतो तथा रेलवे की ओर से प्रोजेक्ट मैनेजर रमेश जाला और लाइजन आफिसर प्रकाश तिवारी समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे। अधिकारियों ने स्थल का जायजा लेकर प्रस्तावित निर्माण की संभावनाओं का आकलन किया। उन्होंने बताया कि बेतला नेशनल पार्क के नाम से रेलवे स्टेशन बनाया जाएगा और इसी योजना को सुविधाजनक बनाने के लिए केड़-बेतला मार्ग पर आरओबी का निर्माण भी प्रस्तावित है।
करीब 226 वर्ग किलोमीटर में फैला बेतला नेशनल पार्क हर साल लगभग 1.20 लाख पर्यटकों को आकर्षित करता है। यहां बंगाल के साथ-साथ उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हैदराबाद, बिहार, हरियाणा सहित देश के विभिन्न हिस्सों से प्रकृति प्रेमी और वन्यजीवों को देखने के शौकीन पहुंचते हैं। रेलवे स्टेशन बनने से लंबी दूरी की यात्रा करने वाले पर्यटकों को आवागमन में सहूलियत मिलने की उम्मीद है।
बेतला को रेल नेटवर्क से जोड़ने की पहल केवल यातायात सुविधा तक सीमित नहीं है। इससे स्थानीय होटल, होम स्टे, वाहन संचालकों, गाइडों और छोटे कारोबारियों को भी लाभ मिलने की संभावना है। पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकते हैं। अब तक सड़क मार्ग पर निर्भर पर्यटकों को रेल सुविधा मिलने से यात्रा की योजना बनाना आसान होगा।
