भागलपुर-बांका स्टेट हाईवे (एसएच-25) पर टोल वसूली की तैयारी आगे बढ़ गई है। हरियाणा के फरीदाबाद की कंपनी वान इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड इलेक्ट्रॉनिक टोल कलेक्शन (ईटीसी) सिस्टम लगाने के लिए तकनीकी निविदा में सफल रही है। कंपनी को तकनीकी रूप से योग्य घोषित करते हुए उसकी वित्तीय निविदा खोलने का निर्देश दिया गया है।
बिहार राज्य सड़क विकास निगम लिमिटेड (BSRDCL), पटना की ओर से भेजी गई तकनीकी निविदा मूल्यांकन समिति की रिपोर्ट के आधार पर पथ निर्माण विभाग की विभागीय निविदा समिति ने यह निर्णय लिया। इस कार्य के लिए एकमात्र कंपनी वान इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड ने निविदा में भाग लिया था। समिति की जांच में कंपनी के दस्तावेज और तकनीकी योग्यता निर्धारित मानकों के अनुरूप पाए गए।
यह निविदा राज्य के चार स्टेट हाईवे पर ईटीसी सिस्टम लगाने के लिए आमंत्रित की गई है, जिनमें घोघा-पंजवारा एसएच-84, अकबरनगर-अमरपुर एसएच-85, भागलपुर-बांका एसएच-25 और देवघर-सुल्तानगंज एसएच-22 शामिल हैं। इन मार्गों पर सिस्टम के डिजाइन, स्थापना, परीक्षण, कमीशनिंग, संचालन और रखरखाव का काम किया जाना है। पूरी परियोजना की अनुमानित लागत 8.87 करोड़ रुपये है और निविदा की शर्तों के अनुसार सिस्टम की कमीशनिंग के लिए 70 दिनों की अवधि निर्धारित की गई है। इसके बाद तीन वर्षों तक ईटीसी प्रणाली के संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी भी एजेंसी को निभानी होगी।
तकनीकी निविदा में सफल कंपनी की वित्तीय बोली खुलने के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। अंतिम चयन और कार्यादेश जारी होने के बाद ही निर्धारित समय-सीमा के तहत काम शुरू हो सकेगा। भागलपुर-अमरपुर-बांका एसएच-25 पर समुखिया मोड़ के समीप और एसएच-84 पर बेलडीहा के पास टोल प्लाजा बनाने का प्रस्ताव है।
