बाइनेंस को भूटान की गेलेफू माइंडफुलनेस सिटी में डिजिटल एसेट से जुड़ा कारोबार शुरू करने के लिए शुरुआती मंजूरी मिल गई है। यह मंजूरी गेलेफू सेंट्रल बैंक (GCB) से मिली है, लेकिन यह अभी पूरा लाइसेंस नहीं है। कंपनी को नियामक की तय सभी शर्तें पूरी करनी होंगी, इसके बाद ही अंतिम लाइसेंस मिल सकेगा और वह संबंधित नियंत्रित गतिविधियां शुरू कर पाएगी।
यह घोषणा Binance Blockchain Week 2026 के दौरान की गई। इस मौके पर बाइनेंस और गेलेफू माइंडफुलनेस सिटी के बीच एक सहयोग समझौते पर भी हस्ताक्षर हुए। समझौते के तहत दोनों पक्ष डिजिटल एसेट कारोबार को बढ़ावा देने और स्थानीय स्तर पर इससे जुड़ा इकोसिस्टम तैयार करने के लिए मिलकर काम करेंगे। कंपनी की योजना गेलेफू को एशिया में अपना प्रमुख केंद्र बनाने की है।
बाइनेंस का इरादा भूटान में सिर्फ कार्यालय खोलने तक सीमित नहीं है। कंपनी वहां अपना वास्तविक कारोबारी और संचालन केंद्र स्थापित करना चाहती है, जिससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकें। इसके अलावा कंपनी स्थानीय युवाओं और पेशेवरों को डिजिटल एसेट, नियमों के पालन (Compliance) और कारोबार संचालन से जुड़ी ट्रेनिंग देने की योजना बना रही है। दोनों पक्ष ज्ञान साझा करने और स्थानीय प्रतिभाओं को बेहतर कौशल देने पर भी काम करेंगे। साझेदारी का एक उद्देश्य गेलेफू को एशिया में डिजिटल एसेट से जुड़े कामकाज के लिए उत्कृष्टता केंद्र के रूप में विकसित करना भी है।
गेलेफू माइंडफुलनेस सिटी के बोर्ड निदेशक जिग्द्रेल सिंगे के मुताबिक, बाइनेंस का यहां एशिया परिचालन केंद्र स्थापित करने का फैसला भूटान के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि गेलेफू का उद्देश्य सिर्फ विदेशी कंपनियों को आकर्षित करना नहीं है, बल्कि उन्हें वास्तविक कारोबार स्थापित करने, स्थानीय लोगों को रोजगार देने और देश में नई तकनीकी क्षमताएं विकसित करने के लिए प्रोत्साहित करना है। वहीं, बाइनेंस के एशिया-प्रशांत प्रमुख एसबी सेकर ने कहा कि गेलेफू में एशिया हब स्थापित करना कंपनी की रणनीति का अहम हिस्सा है। उनके मुताबिक, यहां डिजिटल एसेट कारोबार के लिए स्पष्ट नियम और बेहतर नियामकीय व्यवस्था मौजूद है, जो ग्राहकों की सुरक्षा के साथ नई तकनीक को बढ़ावा देती है।
गेलेफू माइंडफुलनेस सिटी भूटान के दक्षिणी हिस्से में विकसित की जा रही एक विशेष प्रशासनिक क्षेत्र (SAR) परियोजना है। इसका उद्देश्य भूटान की पारंपरिक संस्कृति और मूल्यों को आधुनिक तकनीक, कारोबार और वैश्विक निवेश के साथ जोड़ना है। परियोजना में पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास और नवीकरणीय ऊर्जा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। भूटान की जलविद्युत और अन्य नवीकरणीय ऊर्जा क्षमताओं का इस्तेमाल करके इसे अंतरराष्ट्रीय कारोबार और वित्तीय नवाचार के केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है। बाइनेंस के साथ यह समझौता इसी महत्वाकांक्षा का हिस्सा है। कंपनी के मुताबिक, उसका प्लेटफॉर्म दुनिया के 100 से अधिक देशों में 30 करोड़ से ज्यादा यूजर्स को सेवाएं देता है। कंपनी साल 2025 में भूटान में क्रिप्टो आधारित पर्यटन भुगतान प्रणाली शुरू करने के बाद से ही वहां अपनी मौजूदगी बढ़ा रही है।
