तेजी से बदलती लाइफस्टाइल और परिवार के बढ़ते खर्चों के बीच कई लोग ऐसे हैं जो आर्थिक तंगी और जिम्मेदारियों के बीच फंसे रहते हैं। मसलन, एक शादीशुदा कपल को अपने बुजुर्ग माता-पिता की देखभाल के साथ बच्चों की परवरिश भी संभालनी होती है। बच्चों की पढ़ाई, माता-पिता के इलाज और घर की जरूरतों के बीच वह खुद के भविष्य के लिए फाइनेंशियल या रिटायरमेंट प्लानिंग करने में असमर्थ सा लगता है। एक्स कैपिटल इंडिया आईएमएफ प्रा. लि. के डायरेक्टर प्रहलाद कुमार ने एनबीटी से बात करते हुए बताया कि 30 से 45 साल की उम्र के कई कामकाजी लोग इसी स्थिति से गुजर रहे हैं, जिसे वित्तीय दुनिया में ‘सैंडविच जनरेशन’ कहा जाता है।

एक्सपर्ट के मुताबिक, इस परेशानी के कई कारण हैं। बच्चों की उच्च शिक्षा लगातार महंगी हो रही है, जबकि बढ़ती उम्र के साथ माता-पिता की मेडिकल जरूरतें भी बढ़ती हैं। कई बार स्वास्थ्य बीमा पर्याप्त नहीं होता और इलाज का अतिरिक्त खर्च अपनी जेब से उठाना पड़ता है। होम लोन, कार लोन और रोजमर्रा के खर्चों के कारण बचत के लिए बहुत कम राशि बचती है, और लोग अपनी रिटायरमेंट को आखिरी प्राथमिकता दे देते हैं।

प्रहलाद कुमार ने सुझाव दिया कि अपनी वित्तीय योजना को तीन हिस्सों में बांटें: बच्चों की शिक्षा और भविष्य, माता-पिता की स्वास्थ्य और देखभाल संबंधी जरूरतें, और अपनी रिटायरमेंट व लंबी अवधि की आर्थिक स्वतंत्रता। हर लक्ष्य के लिए अलग निवेश योजना बनाने से एक लक्ष्य का पैसा दूसरे खर्च में इस्तेमाल होने की आशंका कम होती है। उन्होंने माता-पिता के लिए उम्र और स्वास्थ्य के अनुसार हेल्थ इंश्योरेंस की समीक्षा करने, मेडिकल इमरजेंसी के लिए अलग लिक्विड फंड बनाने, जोखिम क्षमता और निवेश अवधि के अनुसार म्यूचुअल फंड SIP पर विचार करने, कम से कम 6 से 12 महीने के जरूरी घरेलू खर्च के बराबर इमरजेंसी फंड तैयार करने और परिवार के मुख्य कमाने वाले सदस्य के लिए पर्याप्त टर्म लाइफ इंश्योरेंस रखने की सलाह दी।

एक्सपर्ट ने यह भी कहा कि महंगाई, आय और जिम्मेदारियों के साथ निवेश की रणनीति बदलनी चाहिए और वेतन बढ़ने पर SIP में सालाना 10 से 15 फीसदी की वृद्धि करने का प्रयास किया जा सकता है, बशर्ते आय और खर्च इसकी अनुमति दें। उनका कहना है कि बच्चों को अच्छी शिक्षा देना और माता-पिता की देखभाल करना जितना जरूरी है, उतना ही जरूरी है कि बुढ़ापे में अपनी जरूरतों के लिए किसी पर निर्भर न रहना पड़े। डिस्क्लेमर: इस विश्लेषण में दिए गए सुझाव व्यक्तिगत विश्लेषकों या ब्रोकिंग कंपनियों के हैं, एनबीटी के नहीं। किसी भी निवेश का निर्णय लेने से पहले प्रमाणित विशेषज्ञों से परामर्श कर लें।