भागलपुर में खाद्य पदार्थों की कीमतों में तेजी से बढ़ोतरी हुई है, जिससे आम लोगों की रसोई का बजट बिगड़ गया है। चना दाल, अरहर दाल, सरसों तेल, चीनी और मसालों के भाव बढ़ गए हैं। चना दाल पहले 85-90 रुपये प्रति किलो बिक रही थी, अब 95-100 रुपये प्रति किलो हो गई है। अरहर दाल में सबसे अधिक तेजी देखी गई है, जो पहले 120-130 रुपये किलो बिकती थी और अब खुदरा बाजार में 150-160 रुपये किलो बिक रही है। मसूर दाल की कीमत स्थिर बनी हुई है।

भागलपुर खाद्यान्न व्यवसाय संघ के उपाध्यक्ष अभिषेक जैन ने बताया कि अरहर की फसल आने में करीब दो महीने की देरी हुई है और उत्पादन भी लगभग 25 प्रतिशत कम हुआ है। सरकार के पास स्टाक की कमी है। अक्टूबर से जनवरी तक आस्ट्रेलिया से चना आयात होता था, जिससे बाजार में चना और दाल की कीमतें नियंत्रित रहती थीं। फिलहाल उपलब्ध स्टाक को देखते हुए सरकार अगले साल मौसम की संभावित खराब स्थिति के मद्देनजर चना दाल के उपयोग और आपूर्ति पर सीमित नीति अपना रही है।

मसालों के दाम में भी तेजी आई है। हल्दी 200 से बढ़कर 300 रुपये, जीरा 250 से 350 रुपये और धनिया 110 से बढ़कर 210 रुपये प्रति किलो हो गया है। हड़िया पट्टी स्थित दुकानदार कुमार गौरव ने बताया कि चीनी की कीमत 65 रुपये किलो तक पहुंच गई है। हालांकि, यूपी के बलरामपुर मिल से बिहार के लिए कोटा जारी हुआ है और आपूर्ति शुरू होने पर कीमत में करीब 10 रुपये की कमी आने की संभावना है।

गल्ला व्यवसायी रूपेश वैद्य ने बताया कि सरसों तेल की मांग अधिक है, लेकिन कमजोर फसल के कारण स्टाक कम है। दीपावली के समय 3200 रुपये में मिलने वाली तेल की पेटी अब 3500 रुपये की हो गई है। सरसों की नई फसल फरवरी में आने के बाद कीमतों में राहत मिलने की उम्मीद है। फिलहाल बाजार में औसतन तेल 220-230 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है।