भागलपुर में कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंध अभिकरण (आत्मा) की ओर से गुरुवार को दो दिवसीय मशरूम उत्पादन, प्रसंस्करण एवं विपणन प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ। जिले के विभिन्न प्रखंडों से 142 महिला एवं पुरुष किसान इसमें भाग ले रहे हैं। उद्घाटन जिला कृषि पदाधिकारी-सह-परियोजना निदेशक प्रेमशंकर प्रसाद, उप परियोजना निदेशक प्रभात कुमार सिंह, कृषि विज्ञान केंद्र सबौर की प्रधान डॉ. अनिता कुमारी तथा मशरूम उद्यमी प्रशिक्षक स्वर्णसंध्या भारती और शीला देवी ने दीप प्रज्वलित कर किया।

तकनीकी सत्र में डॉ. अनिता कुमारी ने बताया कि मशरूम पौष्टिक और औषधीय गुणों से भरपूर है और इसे कम भूमि व कम पानी में उत्पादित किया जा सकता है। उन्होंने आयस्टर, बटन और मिल्की मशरूम के उत्पादन की प्रक्रिया समझाई, जिसमें कंपोस्ट तैयार करना, गुणवत्तापूर्ण बीज (स्पान) की बुआई, तापमान एवं नमी का प्रबंधन, तुड़ाई, भंडारण और रोगों से बचाव शामिल है। प्रायोगिक सत्र में किसानों को गेहूं के भूसे से खाद तैयार करने की विधि भी बताई गई।

जिला कृषि पदाधिकारी प्रेमशंकर प्रसाद ने कहा कि आत्मा के प्रशिक्षण कार्यक्रमों से महिला और पुरुष किसान कृषि आधारित स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने मशरूम उत्पादन के क्षेत्र में स्वर्णसंध्या भारती और शीला देवी के प्रयास को दूसरे किसान परिवारों के लिए प्रेरणादायक बताया। उप परियोजना निदेशक प्रभात कुमार सिंह ने मशरूम की पैकेजिंग, प्रसंस्करण और स्थानीय बाजार में बिक्री के तरीके बताए तथा महिला उद्यमियों और बेरोजगार युवाओं को इसे स्वरोजगार के रूप में अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया।

प्रशिक्षक स्वर्णसंध्या भारती और शीला देवी ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि प्रशिक्षण के बाद उन्होंने छोटे स्तर से मशरूम उत्पादन शुरू किया और अब इससे अच्छी वार्षिक आमदनी कर रही हैं। वे स्वयं स्पान तैयार करने के साथ मशरूम का अचार, बड़ी, सूखा मशरूम और पाउडर जैसे मूल्यवर्धित उत्पाद बनाकर बेचती हैं। उन्होंने साफ-सफाई और गुणवत्तापूर्ण बीज को सफल उत्पादन का आधार बताया। कार्यक्रम में आत्मा और कृषि विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे। अंत में प्रभात कुमार सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया।