आसनसोल में रेलवे मंडल संसदीय समिति की बैठक में भागलपुर की रेल सुविधाओं के विस्तार की मांगें रखी गईं। सांसद अजय कुमार मंडल के प्रतिनिधि ने भागलपुर लोकसभा क्षेत्र के स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव, नई ट्रेनों के परिचालन, यात्री सुविधाओं के विकास और भागलपुर में अलग रेल मंडल की स्थापना समेत कई मांगें रखीं। उन्होंने रेलवे के वरीय अधिकारियों से इन लंबित मांगों पर शीघ्र कार्रवाई का आग्रह किया।
बैठक में सुल्तानगंज में विक्रमशिला एक्सप्रेस और सूरत-भागलपुर एक्सप्रेस, सबौर में जमालपुर-हावड़ा एक्सप्रेस, वनांचल एक्सप्रेस और ब्रह्मपुत्र मेल, घोघा में गया-हावड़ा एक्सप्रेस, पीरपैंती में मालदा-पटना एक्सप्रेस तथा लैलख ममलखा में फरक्का एक्सप्रेस, गया-हावड़ा एक्सप्रेस, दानापुर-साहिबगंज इंटरसिटी और वनांचल एक्सप्रेस के ठहराव की मांग की गई। साहिबगंज-हावड़ा इंटरसिटी एक्सप्रेस का विस्तार कर भागलपुर से सुबह परिचालन शुरू करने का भी आग्रह किया गया।
लंबी दूरी के यात्रियों के लिए भागलपुर से आनंद विहार के बीच स्लीपर वंदे भारत और स्लीपर अमृत भारत ट्रेन चलाने का प्रस्ताव रखा गया। साथ ही भागलपुर से वाराणसी के लिए सुबह नई वंदे भारत ट्रेन और विक्रमशिला एक्सप्रेस के समानांतर नई दिल्ली के लिए क्लोन ट्रेन चलाने की मांग की गई। बैठक में भागलपुर-पुणे के बीच नई ट्रेन शुरू करने तथा अंग एक्सप्रेस को सप्ताह में एक दिन के बजाय दो दिन चलाने का भी आग्रह किया गया। प्रतिनिधि ने कहा कि अंग एक्सप्रेस के फेरे बढ़ने से बेंगलुरु जाने वाले यात्रियों, विशेषकर इलाज के लिए जाने वाले मरीजों को राहत मिलेगी।
दैनिक यात्रियों के लिए जमालपुर-भागलपुर और भागलपुर-साहिबगंज रेलखंड पर अतिरिक्त पैसेंजर व मेमू ट्रेनें चलाने तथा ट्रेनों में सामान्य श्रेणी के अतिरिक्त कोच लगाने की मांग की गई। यात्री सुविधाओं के तहत लैलख ममलखा में यात्री शेड व शौचालय तथा कहलगांव स्टेशन पर लिफ्ट और एस्केलेटर उपलब्ध कराने का प्रस्ताव रखा गया। भुवालपुर, मुरारपुर, विक्रमशिला और लैलख स्टेशनों सहित नाथनगर रेलवे गेट के पास रोड ओवरब्रिज के निर्माण तथा कहलगांव, सबौर और पीरपैंती में फुटओवर ब्रिज का काम शीघ्र पूरा कराने की मांग की गई। प्रतिनिधि ने भागलपुर में अलग रेल मंडल की स्थापना, जगदीशपुर में प्रस्तावित नए रेलवे स्टेशन की प्रगति रिपोर्ट और अमृत भारत स्टेशन योजना के कार्यों की अद्यतन जानकारी भी मांगी। उन्होंने कहा कि भागलपुर एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक, धार्मिक और व्यावसायिक केंद्र है, इसलिए यहां रेल सुविधाओं का विस्तार समय की जरूरत है।
