पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले शिरोमणि अकाली दल और भाजपा के गठबंधन पर आम आदमी पार्टी ने हमला बोला है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार को इस गठबंधन को 'ठग समझौता' करार देते हुए कहा कि इसका मकसद पंजाब की जनता की सेवा नहीं, बल्कि दोनों पार्टियों के परिवारों और चुनावी सीटों को बचाना है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि जो लोग कल तक तीन कृषि कानूनों, पंजाब के पानी, चंडीगढ़ और सिख संस्थाओं पर एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे थे, वे सत्ता के लालच में फिर साथ आ गए हैं।

आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अगले साल की शुरुआत में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा सत्ता के लालच में किसी भी दल से गठबंधन कर सकती है। केजरीवाल ने कहा कि आप का असली गठबंधन पंजाब की महिलाओं, अनुसूचित जाति समुदाय, किसानों और व्यापारियों के साथ है। उन्होंने कहा कि शिअद और भाजपा अपने राजनीतिक हितों के लिए बार-बार साथ आते और अलग होते रहे हैं।

केजरीवाल ने कहा कि पंजाब की जनता ने पिछले पांच वर्षों में भगवंत मान के नेतृत्व वाली आप सरकार का कामकाज देखा है। उन्होंने तीन कृषि कानूनों के खिलाफ हुए किसान आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि पंजाब की जनता इसे नहीं भूली है, जिसके दौरान 700 से अधिक किसानों की मौत हुई थी। आप की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि भाजपा अपने सहयोगी दलों को 'बड़ा भाई' बताकर उनका राजनीतिक अस्तित्व खत्म करती रही है। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की उस घोषणा का हवाला दिया जिसमें कहा गया था कि गठबंधन में शिअद की भूमिका 'बड़े भाई' की होगी।

आप नेता मनीष सिसोदिया ने भी गठबंधन पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस गठबंधन ने पंजाब में मादक पदार्थों के कारोबार से जुड़े नेताओं को एकजुट कर दिया है। सिसोदिया ने कहा कि ये वही लोग हैं जिन्होंने पहले पंजाब को नशे की दलदल में धकेला था।