पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर ने उत्तर प्रदेश के डीजीपी को पत्र भेजकर कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह के नाम दर्ज तीन लाइसेंसी असलहों की तत्काल बरामदगी और मामले की एसआईटी जांच की मांग की है। भानवी सिंह का कहना है कि उनके नाम दर्ज एक एनपीबी पिस्टल, एक एसबीबीएल बंदूक और एक एनपीबी राइफल उनकी अभिरक्षा में नहीं, बल्कि उनके पति के कब्जे में हैं। वे इस संबंध में 2023 में अपने पति और प्रशासन को भेजे गए ईमेल का हवाला देती हैं।
प्रतापगढ़ के जिलाधिकारी ने 24 अक्टूबर को भानवी सिंह को नोटिस जारी कर तीन लाइसेंसी असलहों में से एक को जमा कराने का प्रमाण प्रस्तुत करने को कहा था। भानवी सिंह के अनुसार उनके नाम दर्ज तीनों असलहे उनकी अभिरक्षा में नहीं हैं। अपने पक्ष में वे 21 अप्रैल 2023 को अपने पति को भेजे गए ईमेल का उल्लेख करती हैं, जिसमें उन्होंने असलहों को पुलिस में जमा कराने का अनुरोध किया था। इसके अलावा वे 18 सितंबर 2023 को प्रतापगढ़ के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को भेजे गए अपने ईमेल का भी हवाला देती हैं, जिसमें प्रशासन से असलहों को बरामद कराने की मांग की गई थी।
पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर ने डीजीपी को भेजे पत्र में कहा है कि तीन लाइसेंसी असलहों की वास्तविक स्थिति और अभिरक्षा का लंबे समय तक स्पष्ट न होना गंभीर जनसुरक्षा का विषय है। उन्होंने मांग की है कि किसी सीनियर पुलिस अधिकारी के नेतृत्व में एसआईटी गठित कर तीनों असलहों का पता लगाया जाए और उन्हें विधिसम्मत तरीके से बरामद कर सुरक्षित जमा कराया जाए।
ठाकुर ने यह भी मांग की है कि 2023 में भानवी सिंह की ओर से शिकायत किए जाने से लेकर अब तक हुई पुलिस कार्रवाई और प्रशासनिक चूक की गहन जांच कर दोषियों की जिम्मेदारी तय की जाए।
