भिवानी के बवानीखेड़ा कस्बे में एक परिवार ने बेटा-बेटी के भेदभाव को खत्म करने का संदेश देते हुए अपनी बेटी की शादी में बेटों वाली रस्में निभाईं। कुलदीप नाहड़िया और रोहिणी देवी की पुत्री साक्षी की शादी में उसके ताऊ जयबीर हलवाई और ताई संतोष देवी ने उसे घोड़ी पर बैठाकर बनवारा निकाला। परिजनों की इस पहल की हर तरफ चर्चा हो रही है।

साक्षी ने बताया कि वे स्नातक तक पढ़ी-लिखी हैं और आज बेटियां किसी भी क्षेत्र में बेटों से कम नहीं हैं। उन्होंने कहा कि उनके परिवार ने बनवारा निकालकर बेटा-बेटी के भेदभाव को खत्म करने का संदेश दिया है, जिस पर उन्हें अपने परिजनों पर गर्व है।

साक्षी के ताऊ जयबीर हलवाई और ताई संतोष देवी ने कहा कि बेटियों को भी बेटों की तरह समाज में बराबर का मान-सम्मान मिलना चाहिए और इसी सकारात्मक संदेश के प्रचार के लिए उन्होंने शादी में यह रस्म निभाई। साक्षी की दादी शरबती देवी ने बताया कि उनके पति स्व. मनीराम ने कभी बेटा-बेटी में भेद नहीं किया और उन्हीं के दिखाए मार्ग पर चलते हुए उन्होंने भी पौत्री की शादी में घोड़ी पर बैठाकर बनवारा निकाला।