मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार अपने रिश्तेदार की शादी में शामिल होने के लिए भोपाल आए थे और दो दिन यहां रहे। समारोह के दौरान राज्य के कई लोगों के साथ उनकी तस्वीरें सामने आई हैं। बुधवार की सुबह उनके भोपाल से जाने के बाद शाम को कांग्रेस नेताओं ने भोपाल स्थित पार्टी मुख्यालय के बाहर उनका पुतला जलाया।

इस बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय सिंह राहुल ने अपने फेसबुक पेज पर उस शादी समारोह की एक तस्वीर शेयर की है, जिसमें ज्ञानेश कुमार आए थे। तस्वीर में अजय सिंह राहुल चुनाव आयुक्त के साथ खड़े हैं। इसके अलावा विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर भी तस्वीर में नजर आ रहे हैं।

बताया जा रहा है कि यह समारोह मध्य प्रदेश के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपेंद्र जैन के बेटे की शादी का था और ज्ञानेश कुमार उनके रिश्तेदार हैं। उपेंद्र जैन को अभी एमपी के डीजीपी का दावेदार बताया जा रहा है। ज्ञानेश कुमार दो दिन उनके यहां रहे, लेकिन इस दौरान कांग्रेस ने कोई विरोध नहीं किया।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार यह दावा किया जा रहा है कि कुछ वरिष्ठ नेता शाम को अचानक सक्रिय हुए, जिसके बाद कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय के बाहर जमा हो गए और आनन-फानन में पुतला जलाया गया। वहीं, कांग्रेस ने संविधान दिवस के मौके पर जबलपुर में वोट चोरी के खिलाफ मार्च निकाला, जिसमें नेताओं ने सीईसी पर हमला बोला।