पटना: बिहार में असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष और विधायक अख्तरुल ईमान अपने एक विवादित बयान को लेकर घिर गए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में वे कथित तौर पर एक सार्वजनिक सभा को संबोधित करते हुए मुस्लिम दुल्हनों के बिना घूंघट बैठने और पुरुषों द्वारा उन्हें घूरने पर नाराजगी जता रहे हैं। वीडियो में उन्हें कथित तौर पर यह कहते हुए सुना जा सकता है कि इस तरह का खुला मेलजोल सूअरों के व्यवहार के समान है।
इस विवाद पर सफाई देने के दौरान अख्तरुल ईमान ने जवान बेटियों के लिए 'कीमती माल' जैसे शब्द का इस्तेमाल कर दिया। उन्होंने कहा कि जवान बेटियों का पर्दा और ज्यादा जरूरी है, जिस तरह कीमती माल को संदूक या लॉकर में रखा जाता है। उन्होंने मुंशी प्रेमचंद के उपन्यास निर्मला का जिक्र करते हुए खुद को दहेज विरोधी बताया और कहा कि उन्होंने अपनी शादी और भाइयों की शादी में दहेज नहीं लिया। विधायक ने यह भी कहा कि उन्होंने अपने धार्मिक विद्वानों से जो सीखा है, वही बात कही है।
इस टिप्पणी के सामने आते ही राजनीतिक गलियारों और सोशल मीडिया पर उनकी कड़ी आलोचना शुरू हो गई है। उनके इस बयान और उसके बाद दी गई सफाई ने पार्टी और स्वयं विधायक की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रकोष्ठ प्रभारी दानिश इकबाल ने अख्तरुल ईमान के बयान पर तंज कसते हुए कहा कि यह अफसोसजनक है कि एक विधायक उन प्रतिगामी मौलानाओं की तरह बयान दे रहे हैं, जो महिलाओं को अपमानित करने वाली बातें करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिलाएं शिक्षित हो रही हैं और हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं।
