बिहार के कई शहरों में मौसम बदलने के साथ वायु प्रदूषण बढ़ रहा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार राजधानी पटना के मुरादपुर की हवा सबसे खराब रही, जहां वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 281 दर्ज किया गया। उत्तर बिहार में दरभंगा का AQI 280, मधुबनी का 260 और अररिया का 223 रहा। ये सभी खराब श्रेणी में हैं। वहीं समस्तीपुर और किशनगंज की हवा संतोषजनक श्रेणी में दर्ज की गई। समस्तीपुर का AQI 67 और सासाराम का 78 रहा। पटना के राजापुल इलाके में धुएं के कारण लोगों को सांस लेने में परेशानी हो रही है।
राजधानी का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 183 दर्ज किया गया। पटना के दानापुर का AQI 142, पटना सिटी का 176, राजवंशी नगर का 163 और समनपुरा का 153 रहा। नवंबर में पटना की हवा एक, दो, 22 और 23 नवंबर को सबसे स्वच्छ रही। एक नवंबर को पटना का AQI 59, दो नवंबर को 77, 22 नवंबर को 95 और 23 नवंबर को 84 दर्ज किया गया था।
प्रदूषण नियंत्रण पर्षद के अनुसार सर्दियों की सुबह कोहरे और धुंध के पीछे हवा में घुले प्रदूषक कणों का जमाव भी होता है। वाहनों का धुआं, निर्माण कार्य और औद्योगिक उत्सर्जन के अलावा तापमान में गिरावट और हवा की गति कम होना भी वायु गुणवत्ता बिगड़ने की वजह है। ऐसे में प्रदूषक कण ऊपर फैलने के बजाय निचली सतह पर जमा होते जाते हैं, जिससे अलग-अलग जगहों पर AQI में अंतर देखने को मिलता है।
हवा के प्रवाह के साथ मौसम का मिजाज भी बदलता रहता है, जिससे प्रदूषक लंबे समय तक हवा में बने रहते हैं और AQI बढ़ने लगता है। ठंड बढ़ने के साथ आने वाले दिनों में भी शहरों की हवा की गुणवत्ता पर इसका असर दिख सकता है।
