बिहार सरकार मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता कोष का लाभ अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए योजना के तहत वार्षिक आय की सीमा 2.50 लाख रुपये से बढ़ाकर चार लाख रुपये करेगी। स्वास्थ्य मंत्री निशांत की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग के सभागार में हुई समीक्षा बैठक में इस प्रस्ताव पर सहमति बनी। बैठक में पिछले छह माह के दौरान विभागीय कार्यों, योजनाओं, परियोजनाओं और स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। मंत्री ने स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी, सुचारु और गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।

बैठक में राज्य के स्वास्थ्य आधारभूत ढांचे के विस्तार, जिला अस्पतालों में सर्जरी और आपातकालीन सेवाओं को मजबूत करने, मानव संसाधन की उपलब्धता, दवाओं और चिकित्सा उपकरणों की आपूर्ति तथा आधुनिक तकनीक आधारित स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष चर्चा हुई। स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने कहा कि राज्य में मजबूत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास, अत्याधुनिक तकनीक आधारित जांच एवं उपचार पद्धतियों का विस्तार और पर्याप्त मानव संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

बैठक में जिला अस्पतालों में सातों दिन 24 घंटे आपातकालीन सेवाएं और 76 प्रकार की सर्जरी की सुविधा विकसित करने की पहल की समीक्षा की गई। जून 2026 में जिला अस्पतालों में 2,428 सर्जरी हुई थीं, जबकि अक्टूबर में यह संख्या बढ़कर 11,643 हो गई। वर्तमान में राज्य के विभिन्न जिला अस्पतालों में 190 आइसीयू बेड और 120 वेंटिलेटर कार्यरत हैं। लगभग 37 करोड़ रुपये की लागत से 1,947 चिकित्सा उपकरणों की खरीद और आपूर्ति की प्रक्रिया की भी समीक्षा की गई।

बैठक में डायलिसिस सेवाओं का 94 स्वास्थ्य संस्थानों तक विस्तार, निशुल्क पैथोलॉजी जांच, मुख्यमंत्री हीमोफीलिया योजना और मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति पर भी चर्चा हुई। पीएमसीएच, एलएनजेपी अस्पताल, एम्स पटना और एम्स दरभंगा सहित प्रमुख चिकित्सा संस्थानों की निर्माण एवं विस्तार परियोजनाओं की समीक्षा की गई। विभाग के अनुसार, सरकारी अस्पतालों में मुफ्त दवा वितरण के मामले में बिहार लगातार 26वें महीने देश में प्रथम स्थान पर है। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि सहित विभाग के सभी शीर्ष अधिकारी उपस्थित थे।