बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान अकवान के प्रभाव से बिहार के कई हिस्सों में शुक्रवार को बादल छाए रहे और हल्की बारिश हुई। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार गया जिले में 1.0 मिमी, डेहरी में 1.2 मिमी तथा राजगीर और जहानाबाद में 0.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि अन्य जिलों में आंशिक बादल छाए रहे।

केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले 24 घंटों में प्रदेश के सभी भागों में आंशिक बादल छाए रहने के साथ कोहरे का असर बना रहेगा और कुछ स्थानों पर छिटपुट बूंदाबांदी हो सकती है। पटना सहित दक्षिण भागों के 13 जिलों में 30-40 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चलने और कुछ स्थानों पर वज्रपात को लेकर चेतावनी जारी की गई है। वहीं, बांका, भागलपुर और जमुई जिलों के एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम में बदलाव के साथ पटना सहित 14 जिलों के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। पटना का अधिकतम तापमान दो डिग्री गिरकर 27.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि मोतिहारी में 31.0 डिग्री सेल्सियस के साथ सर्वाधिक तापमान दर्ज किया गया। सहरसा में 13.7 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे कम न्यूनतम तापमान रहा। राजधानी में 41 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चली और गया में न्यूनतम दृश्यता 800 मीटर दर्ज की गई।

पूर्वानुमान के अनुसार रविवार से छिटपुट वर्षा की गतिविधियों में विराम लगेगा, जिसके बाद प्रदेश का मौसम शुष्क और सामान्य बना रहेगा। अगले दो से तीन दिनों के दौरान अधिकतम तथा न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट की संभावना जताई गई है।