बिहार में ऊर्जा क्षेत्र में 1.72 लाख करोड़ रुपये के निवेश की योजना है। शुक्रवार को पटना के होटल मौर्या में उद्योग और ऊर्जा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित "उद्यमियों से संवाद एवं एमओयू एक्सचेंज समारोह" में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की उपस्थिति में कई एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। कार्यक्रम में उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव भी मौजूद रहे।

बांका जिले के भितिया में 700 मेगावाट की चार इकाइयों (कुल 2800 मेगावाट) वाले परमाणु ऊर्जा संयंत्र के लिए एमओयू हुआ है। यह परियोजना 1,500 एकड़ भूमि पर विकसित होगी और इसे प्रतिवर्ष 160 एमसीएम जल की आपूर्ति की जाएगी। इसकी अनुमानित लागत 70,000 करोड़ रुपये है। इसी तरह सिवान जिले के तलहर और रघुनाथपुर में भी 700 मेगावाट की चार इकाइयों (कुल 2800 मेगावाट) का परमाणु ऊर्जा संयंत्र बनेगा, जिसकी अनुमानित लागत भी 70,000 करोड़ रुपये है।

पंप्ड स्टोरेज परियोजनाओं की बात करें तो नवादा जिले के एकतारा एवं पथरा में 1,800 मेगावाट क्षमता और 10,800 मेगावाट-आवर भंडारण क्षमता वाली परियोजना बनेगी, जिसकी लागत 9,900 करोड़ रुपये आंकी गई है। इसे अदाणी समूह विकसित करेगा। जमुई जिले के मिर्चा पाठक चक में भी 1,800 मेगावाट क्षमता वाली पंप्ड स्टोरेज परियोजना के लिए एमओयू हुआ है, जिसकी लागत 9,900 करोड़ रुपये है और इसे भी अदाणी समूह बनाएगा।

नवादा जिले के हरदिया/फुलवरिया डैम में 1,500 मेगावाट क्षमता और 9,015 मेगावाट-आवर भंडारण क्षमता वाली पंप्ड स्टोरेज परियोजना विकसित की जाएगी, जिसकी अनुमानित लागत 7,685 करोड़ रुपये है। औरंगाबाद जिले के नारायणपुर एवं गजोई में 900 मेगावाट क्षमता और 5,463 मेगावाट-आवर भंडारण क्षमता वाली परियोजना के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए हैं, जिसकी अनुमानित लागत 5,400 करोड़ रुपये है।