बेतिया (पश्चिम चंपारण) के उदयपुर सरैयामन जंगल में बिहार का पहला हिरण रेस्क्यू सेंटर और सुरक्षित पर्यावास विकसित किया जा रहा है। वन विभाग प्रारंभिक चरण में 15 हेक्टेयर भूमि पर घास का मैदान तैयार करेगा, जिसके लिए राज्य सरकार ने 11.47 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की है। इससे बाढ़ प्रभावित और बीमार हिरणों समेत अन्य शाकाहारी वन्यजीवों को प्राकृतिक भोजन और सुरक्षित ठिकाना मिल सकेगा।

वन विभाग ने करीब तीन माह पहले रेस्क्यू सेंटर के निर्माण और सुविधाओं के विकास के लिए 80 लाख रुपये का प्रस्ताव मुख्य वन्यप्राणी प्रतिपालक के माध्यम से केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकार, नई दिल्ली को भेजा है, हालांकि अभी इस पर स्वीकृति नहीं मिली है। ग्रासलैंड के लिए आवंटन मिलने के बाद रेस्क्यू सेंटर की स्वीकृति की संभावना बढ़ गई है। स्वीकृति मिलने पर बीमार और घायल हिरणों के उपचार के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

करीब आठ वर्ग किलोमीटर में फैले उदयपुर सरैयामन वन क्षेत्र में हिरणों के अलावा खरगोश समेत कई शाकाहारी वन्यजीव मौजूद हैं। घास का मैदान विकसित होने से इन्हें प्राकृतिक परिवेश में भोजन उपलब्ध हो सकेगा। विभाग की योजना इसे वन्यजीवों के अनुकूल पर्यावास के रूप में विकसित करने की है, जिसके लिए आगे भी जरूरत के अनुसार राशि उपलब्ध कराने की पहल की जाएगी।

वर्ष 2017 में आई भीषण बाढ़ के दौरान वीटीआर के 300 से अधिक हिरण गंडक नदी की तेज धारा में बह गए थे, जिनमें से करीब 250 हिरणों को सुरक्षित निकालकर अस्थायी तौर पर उदयपुर सरैयामन में रखा गया था। समुचित ग्रासलैंड की सुविधा न होने के कारण उन्हें वीटीआर में छोड़ना पड़ा था। इस वर्ष आई बाढ़ के दौरान भी गंडक के दियारा क्षेत्र समेत पूर्वी चंपारण और अन्य इलाकों से 22 हिरणों को रेस्क्यू कर लाया गया था, जिन्हें पशु चिकित्सकों की देखरेख में उपचार के बाद प्राकृतिक परिवेश में छोड़ दिया गया।