बिहार में सहकारिता विभाग ने किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) की सुविधा का दायरा बढ़ा दिया है। अब केवल प्राथमिक कृषि साख समितियों (पैक्स) से जुड़े किसानों तक सीमित नहीं रही यह सुविधा दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों, सब्जी उत्पादक सहकारी समितियों और किसान उत्पादक संगठनों के किसान सदस्यों को भी उपलब्ध कराई जाएगी।

बिहार राज्य सहकारी बैंक लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अरविंद कुमार पासवान ने राज्य के सभी जिला केंद्रीय सहकारी बैंक लिमिटेड के प्रबंध निदेशकों को इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। निर्देश के अनुसार आगामी शनिवार और रविवार को विशेष शिविर आयोजित कर विभिन्न सहकारी समितियों से जुड़े पात्र किसानों को केसीसी दिया जाएगा। बैंक के पदाधिकारियों और कर्मचारियों के लिए लक्ष्य भी निर्धारित किए गए हैं।

प्रक्रिया के तहत पैक्स से जुड़े किसान सदस्यों को सीधे पैक्स के माध्यम से केसीसी मिलेगा। पैक्स के अलावा अन्य सहकारी समितियों से जुड़े किसानों को संबंधित समिति की अनुशंसा या अनुमोदन के आधार पर संबंधित सहकारी बैंक के माध्यम से यह सुविधा दी जाएगी। इनमें दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति, सब्जी उत्पादक सहकारी समिति और किसान उत्पादक संगठन के सदस्य शामिल हैं।

इस अभियान का उद्देश्य सहकारी समितियों से जुड़े किसानों तक संस्थागत ऋण की पहुंच बढ़ाना और खेती तथा कृषि आधारित गतिविधियों के लिए समय पर वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना है। इस पहल से अब तक पैक्स के दायरे से बाहर रहे दुग्ध एवं सब्जी उत्पादक समितियों के किसान सदस्यों को भी केसीसी का लाभ मिल सकेगा, जिससे पशुपालन, दुग्ध उत्पादन और सब्जी उत्पादन से जुड़े किसानों को आर्थिक मजबूती मिलने की उम्मीद है।