पटना। बिहार सरकार के मंत्री संजय कुमार सिंह की 25वीं शादी की सालगिरह का निमंत्रण कार्ड सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वायरल वीडियो और तस्वीरों के मुताबिक, यह कार्ड साधारण निमंत्रण पत्र नहीं, बल्कि क्रीम और गोल्डन रंग के लग्जरी गिफ्ट बॉक्स के रूप में तैयार किया गया है। बॉक्स में गणेश जी की छोटी मूर्ति के साथ ड्राई फ्रूट्स के जार भी रखे गए हैं। बताया जा रहा है कि इन जार पर 'AS' के इनिशियल्स अंकित हैं।

कार्ड की पैकिंग और साथ भेजे गए उपहारों को लेकर सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसे शाही अंदाज और भव्य आयोजन बता रहे हैं, जबकि कुछ लोग बिहार की आर्थिक स्थिति और आम परिवारों की शादी में आने वाली परेशानियों से इसकी तुलना कर रहे हैं। राज्य में आज भी कई परिवारों के लिए बेटी की शादी करना बड़ी आर्थिक चुनौती माना जाता है।

मंत्री संजय सिंह कुछ महीने पहले दिल्ली से जुड़े एक मामले को लेकर भी चर्चा में आए थे। अब उनकी शादी की सालगिरह का लग्जरी निमंत्रण कार्ड वायरल होने के बाद वह एक बार फिर सुर्खियों में हैं। फिलहाल, वायरल कार्ड को लेकर सोशल मीडिया पर बहस जारी है।