बिहार के वैशाली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा के दौरान एक अनोखे समर्थक ने सबका ध्यान खींचा। पूरे शरीर पर तिरंगे का रंग, सिर पर चाय की केतली और हाथ में कमल का फूल लिए यह शख्स कार्यक्रम स्थल पर आकर्षण का केंद्र बन गया। मौजूद लोग इस अनूठे अंदाज को देखने के लिए जुट गए। इस समर्थक ने प्रधानमंत्री मोदी के जयकारे भी लगाए और उनके प्रति अपनी दीवानगी जाहिर की।
इस शख्स का नाम अशोक सहनी है और वे बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के ब्रह्मपुरा इलाके के रहने वाले हैं। करीब 40 वर्षीय अशोक पेशे से चाय बेचते हैं। उन्होंने बताया कि 2014 में जब नरेंद्र मोदी पहली बार प्रधानमंत्री बने, तब से उनके मन में उनके प्रति गहरा लगाव पैदा हो गया। अशोक के मुताबिक, उनका प्रयास रहता है कि प्रधानमंत्री का कार्यक्रम जहां भी हो, वे वहां पहुंचें। यह पहली बार नहीं है जब वे इस अंदाज में पहुंचे हैं।
अपनी लोकप्रियता के बारे में पूछे जाने पर अशोक ने इसे प्रधानमंत्री मोदी की कृपा बताया और खुद को उनका भक्त बताया। उन्होंने कहा कि वे प्रधानमंत्री के प्रति परम भक्त हैं।
पिछले एक दशक से प्रधानमंत्री मोदी के प्रति अपने लगाव के कारण अशोक सहनी इलाके और आसपास के लोगों के बीच 'मोदी चायवाला' के नाम से भी जाने जाते हैं। अशोक ने बताया कि 2014 में जब देश में इस बात की चर्चा थी कि एक चायवाला प्रधानमंत्री बना है, तब वे खुद भी चाय की दुकान चलाते थे, जिससे उन्हें एक खास जुड़ाव महसूस हुआ। उनके मुताबिक, प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी ने देश के लिए जो काम किए, उससे प्रभावित होकर वे हमेशा के लिए उनके प्रशंसक बन गए।
