पटना। बिहार में एक माह के दौरान तीन चक्रवातों के कारण हुई असमय वर्षा से खरीफ की तैयार फसलों को नुकसान पहुंचा है और रबी की बुआई भी प्रभावित हुई है। खेतों में अधिक नमी के कारण धान की मशीन से कटाई नहीं हो सकी, जिससे जिन खेतों में मसूर, चना और सरसों की बुआई होती थी, इस वर्ष वहां बुआई नहीं हो सकी है। किसानों का कहना है कि रबी की फसल समय पर लग जाए, इसके लिए वे कम दिनों में तैयार होने वाली धान की किस्में लगाते हैं, जिनका उत्पादन दर कम होता है। धान में नुकसान के बाद अब रबी में लागत निकलने पर भी संशय बना हुआ है।
कृषि विज्ञानियों के अनुसार मसूर और सरसों की बुआई का समय खत्म हो चुका है। चना 30 नवंबर तक बोया जा सकता है, लेकिन देरी के कारण अच्छी फसल पर संशय रहेगा। बेहतर उत्पादन के लिए अब गेहूं ही विकल्प है। गेहूं की अगात किस्मों की बुआई 30 नवंबर तक और पछेती किस्मों की 15 दिसंबर तक करने की सलाह दी गई है। अगात किस्मों में प्रति कट्ठा 60 से 80 किलोग्राम और पछेती किस्मों में 40 से 60 किलोग्राम उपज होती है।
कृषि विज्ञानी जेपी शर्मा ने बताया कि खेत में अधिक नमी होने पर मशीन से कटाई संभव नहीं है, ऐसे में हाथ से कटनी करना बेहतर होगा। कटनी के चार-पांच दिनों के अंदर गेहूं की बुआई की जा सकती है। मजदूरों के अभाव में हार्वेस्टर से कटाई कराने के तुरंत बाद गेहूं बो दें। नमी कम होने पर बुआई के कुछ दिनों बाद हल्का पटवन किया जा सकता है।
आर्थिक मामलों के विशेषज्ञ सह डीएमआई, पटना के वरीय प्राध्यापक प्रो. सूर्यभूषण के अनुसार राज्य तेलहन और दलहन के मामले में आत्मनिर्भर नहीं है। कुल मांग का केवल 10 प्रतिशत तेलहन और एक तिहाई दलहन का उत्पादन होता है। बिहार आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 के अनुसार राज्य में तेलहन उत्पादन लगभग 1.2 लाख टन हुआ, जबकि मांग 13 लाख टन से अधिक रही। दलहन का उत्पादन 3.93 लाख टन होता है, जबकि इसकी मांग 12 लाख टन के आसपास है। प्रति व्यक्ति 25 ग्राम दाल की जरूरत पूरी करने के लिए 12 लाख टन उत्पादन आवश्यक है।
