बिहार एसटीएफ की विशेष टीम ने हत्या और आर्म्स एक्ट मामलों में वांछित पंकज कुमार उर्फ पावर को हाजीपुर से गिरफ्तार किया है। वह मूल रूप से सीतामढ़ी के भीड़कनिया टोला का निवासी है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ वैशाली, मुजफ्फरपुर और सीतामढ़ी जिले के विभिन्न थानों में हत्या, लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट सहित 10 मामले दर्ज हैं।

पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी के डर से आरोपित लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। इसी बीच एसटीएफ की टीम ने छापेमारी कर उसे हाजीपुर से पकड़ा। छापेमारी में वैशाली जिला पुलिस भी शामिल थी।

पुलिस के मुताबिक, आरोपित पर महुआ थाना क्षेत्र में सितंबर में दर्ज हत्या के मामले में वांछित था। दो सितंबर को वह अपने अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर महुआ थाना क्षेत्र में एक पशु व्यापारी और उसके बेटे को गोली मारकर जख्मी कर दिया था। इलाज के दौरान व्यापारी पिता की मृत्यु हो गई थी।

पूछताछ में कई अन्य बदमाशों के नाम और ठिकानों की जानकारी मिली है। पुलिस टीम उसकी निशानदेही पर कई जगहों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि पूर्व का रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है और लंबित मामले में आरोपित को रिमांड पर लेने की कवायद की जाएगी।