बीकानेर जिले की पांचू पंचायत समिति की साधुना ग्राम पंचायत में सरपंच का चुनाव हारने वाले प्रत्याशी मांगेराम डूडी का ग्रामीणों ने विजेता की तरह सम्मान किया। गुरुवार शाम आयोजित एक विशेष समारोह में ग्रामीणों और समर्थकों ने आपस में चंदा जुटाकर 71 लाख रुपये डूडी को भेंट किए और उन्हें पारंपरिक साफा पहनाकर हौसला बढ़ाया। इस अनोखे सम्मान की चर्चा सोशल मीडिया पर भी हो रही है।
साधुना ग्राम पंचायत में 16 नवंबर को चौथे चरण के तहत मतदान हुआ था। चुनाव में श्रवणराम को 1,853 वोट मिले और वे विजयी रहे, जबकि मांगेराम डूडी को 1,379 वोट मिले और वे 474 वोटों के अंतर से चुनाव हार गए। तीसरे प्रत्याशी मुकेश भांभू को 46 वोट मिले। कुल 3,331 मतदाताओं ने मतदान किया, जबकि 7 मतदाताओं ने नोटा का विकल्प चुना और 46 वोट विभिन्न कारणों से खारिज कर दिए गए।
समारोह को संबोधित करते हुए डूडी कथित तौर पर भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि चुनाव हारने के बाद उन्होंने सब कुछ छोड़कर साधु बनने का मन बना लिया था, लेकिन ग्रामीणों के स्नेह ने उनके इरादे बदल दिए। डूडी ने संकल्प लिया कि वे अब अगले पांच साल तक पूरे सेवा भाव के साथ जनता के बीच रहकर उनके हितों के लिए संघर्ष करेंगे।
चुनाव परिणाम में डूडी 474 वोटों से पीछे रह गए, लेकिन ग्रामीणों द्वारा दिए गए 71 लाख रुपये के इस सम्मान ने उन्हें पूरे इलाके के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी चर्चा का केंद्र बना दिया है।
