बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड को बड़ी राहत मिली है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी के पानी के जिन सैंपल को पहले असुरक्षित घोषित किया गया था, वे बाद की जांच में खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप पाए गए हैं। कंपनी ने कहा है कि पीने के पानी की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और वह मामले को उचित प्रक्रिया से सुलझाने के लिए नियामक के साथ पूरा सहयोग करेगी।

कंपनी के अनुसार, यह मामला सितंबर 2025 में गोवा स्थित उसकी यूनिट में तैयार किए गए एक बैच से जुड़ा है। एफएसएसएआई द्वारा लिए गए छह नमूनों में से पांच तय मानकों पर खरे उतरे, जबकि छठे नमूने में ब्रोमेट का स्तर निर्धारित सीमा से अधिक पाया गया। कंपनी ने नतीजों के खिलाफ अपील की, जिसके बाद नमूना रेफरल लैब में जांच के लिए भेजा गया। बिसलेरी के मुताबिक, उस लैब में ब्रोमेट का स्तर तय सीमा के भीतर मिला, लेकिन पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (पीएएच) की मौजूदगी पाई गई। कंपनी का कहना है कि एफएसएसएआई से मान्यता प्राप्त एक अन्य लैब में उसी नमूने की स्वतंत्र जांच में भी ब्रोमेट तय सीमा के भीतर पाया गया और फरवरी 2026 में ये नतीजे नियामक को सौंप दिए गए। कंपनी ने कहा कि इसके बाद उसे ईमेल या हार्ड कॉपी के रूप में कोई नोटिस नहीं मिला।

इससे पहले भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने बिसलेरी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मंजूरी दी थी। शुरुआती जांच में कंपनी के पैक्ड ड्रिंकिंग वॉटर के एक सैंपल में ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा से अधिक पाई गई थी। बिसलेरी ने इन नतीजों को चुनौती देते हुए अपील दायर की थी, जिसके बाद सैंपल रेफरल फूड लैब भेजा गया। उस समय नियामक ने बताया था कि रेफरल लैब ने सैंपल में पीएएच पाए जाने के बाद इसे असुरक्षित करार दिया था और प्रभावित बैच को बाजार से वापस मंगाने का आदेश दिया था।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, बिसलेरी के खिलाफ सुरक्षा संबंधी निष्कर्ष सामने आने के बाद अधिकारी पूरे देश में पैक्ड ड्रिंकिंग वॉटर ब्रांडों की जांच करेंगे। यह कदम एफएसएसएआई और बिसलेरी इंटरनेशनल के बीच हुए विवाद के बाद उठाया गया है। बिसलेरी को भले ही इस मामले में राहत मिल गई हो, लेकिन खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन को लेकर एफएसएसएआई का प्रवर्तन अभियान जारी है। नियामक ने वसंत मसाला प्राइवेट लिमिटेड, टिट-बिट फूड्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, मीमांसा इंडस्ट्रीज और आशा कन्फेक्शनरी के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की मंजूरी दी है। इसके अलावा उर्मि लाइफसाइंसेज एलएलपी और गौर आयुर्वेदिक स्टोर के लाइसेंस सस्पेंड किए गए हैं, जबकि आशा कन्फेक्शनरी को अपनी प्री-पैकेज्ड चॉकलेट-भरी कुकीज वापस मंगाने का आदेश दिया गया है, क्योंकि वे असुरक्षित पाई गई थीं।