रांची। भाजपा ने नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी की सुरक्षा में इस्तेमाल हो रहे 13 वर्ष पुराने बुलेटप्रूफ वाहन को लेकर हेमंत सरकार पर अगंभीरता का आरोप लगाया है। प्रदेश प्रवक्ता अजय साह ने शनिवार को जारी प्रेस वक्तव्य में आरोप लगाया कि बार-बार शिकायत और पत्राचार के बावजूद सरकार ने वाहन बदलने की पहल नहीं की। उन्होंने बताया कि नौ नवंबर को मरांडी ने अपना वाहन सरकार को लौटा दिया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
साह ने दावा किया कि मरांडी ने 21 मार्च 2026 को मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर वाहन की खराब स्थिति से अवगत कराया था। गृह सचिव, डीजीपी और आईजी प्रोविजन को भी कई बार जानकारी दी गई। उन्होंने यह भी कहा कि मरांडी के सुरक्षा दस्ते की जिप्सियां चार लाख किलोमीटर से अधिक चल चुकी हैं और पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा की सुरक्षा में लगे वाहनों की स्थिति भी चिंताजनक है।
भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के काफिले में दर्जनों वाहन हैं, जबकि विपक्ष के नेता की सुरक्षा भगवान भरोसे है। उन्होंने कहा कि किसी भी अप्रिय घटना की जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी।
साह ने बाबूलाल मरांडी और उनके सुरक्षा दस्ते को तत्काल नए सुरक्षित वाहन उपलब्ध कराने तथा सभी पूर्व मुख्यमंत्रियों के सुरक्षा वाहनों की तकनीकी जांच कराने की मांग की है।
