भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश के मीडिया संयोजक कर्ण नंदा ने राज्य के राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी द्वारा राफेल लड़ाकू विमानों और ऑपरेशन सिंदूर पर विधानसभा में की गई टिप्पणियों के संबंध में शिमला के पुलिस अधीक्षक को औपचारिक शिकायत सौंपी है। शिकायत में इन बयानों की जांच करने और विधानसभा के विशेषाधिकार से बाहर किसी संज्ञेय अपराध के प्रमाण मिलने पर एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई है।

कर्ण नंदा के अनुसार, 18 नवंबर 2026 को विधानसभा की कार्यवाही के दौरान मंत्री जगत सिंह नेगी ने राफेल विमानों की कीमतों और ऑपरेशन सिंदूर के परिणाम को लेकर टिप्पणी की थी, जिससे गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय सशस्त्र सेनाओं से जुड़े संवेदनशील विषयों पर जिम्मेदार पदों पर बैठे लोगों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए।

शिकायत में विधानसभा की संबंधित कार्यवाही की प्रमाणित प्रति और पूरी वीडियो रिकॉर्डिंग प्राप्त कर सुरक्षित रखने का आग्रह किया गया है। साथ ही यह जांच करने की मांग की गई है कि क्या मंत्री ने विधानसभा के बाहर किसी मीडिया साक्षात्कार, सार्वजनिक मंच या सोशल मीडिया पर भी ऐसी टिप्पणियां की हैं। शिकायत में भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 197(1)(d), धारा 353 और धारा 152 सहित अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के तहत तथ्यों और साक्ष्यों की जांच का अनुरोध किया गया है।

कर्ण नंदा ने कहा कि संविधान के अनुच्छेद 194(2) के तहत विधानसभा में दिए गए भाषणों को मिले संवैधानिक संरक्षण का सम्मान किया जाना चाहिए, लेकिन यदि विधानसभा के बाहर कोई स्वतंत्र रूप से दंडनीय कृत्य सामने आता है तो उस पर कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि शिकायत पुलिस कार्यालय में प्राप्त हो चुकी है और इसकी डायरी संख्या 28577, दिनांक 20 नवंबर 2026 दर्ज की गई है। नंदा ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने और शिकायत पर की गई कार्रवाई की लिखित जानकारी देने की मांग की है।