भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय ने रविवार को आजमगढ़ के सगड़ी विधानसभा क्षेत्र में पार्टी पदाधिकारियों और पूर्व पदाधिकारियों के साथ बैठक की। चंगईपुर स्थित एक निजी विद्यालय में हुई इस बैठक में उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र दिया।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, जो चंडीगढ़ प्रभारी और केंद्रीय संगठन सचिव भी हैं, ने कार्यकर्ताओं से कहा कि हर मतदान केंद्र पर छूटे हुए मतदाताओं को जोड़ने के साथ-साथ नए मतदाता बनाने और पात्र बहू महिलाओं को मतदाता सूची में शामिल करने का काम बूथ अध्यक्ष और कार्यकर्ता मन लगाकर करें।
उन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि तीसरी बार योगी सरकार बनेगी। उनके अनुसार कार्यकर्ता पार्टी और सरकार के बीच महत्वपूर्ण कड़ी है, और जनपद में भाजपा को मजबूत बनाने के लिए सभी को एकजुट होकर विधानसभा चुनाव में अपना योगदान देना होगा।
बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह ने की, जबकि संचालन जिला मंत्री नागेंद्र पटेल और चन्द्रशेखर सिंह ने किया। इस मौके पर पूर्व विधायक वंदना सिंह, अजमतगढ़ प्रमुख प्रतिनिधि मनीष मिश्रा, ओंकार राय, घनश्याम सिंह पटेल, मंडल अध्यक्ष मनोज श्रीवास्तव, सत्य प्रकाश सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष जयप्रकाश सिंह, मंडल अध्यक्ष सुधीर राय, वीरेंद्र पटेल सहित दर्जनों पदाधिकारी मौजूद रहे।
