बालाघाट के लांजी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक राजकुमार कर्राहे एक वायरल वीडियो को लेकर सियासी विवाद में घिर गए हैं। सोशल मीडिया पर सामने आए इस वीडियो में वे आदिवासी महिलाओं से लाड़ली बहना योजना की राशि से अंडे, मुर्गा और मछली खरीदकर खाने तथा भाजपा के चुनाव चिह्न कमल को वोट देने की बात कहते नजर आ रहे हैं। घटना मंगलवार शाम की बताई जा रही है। विधायक आलीटोला में आयोजित रानी तिलका देवी के मेले से लौट रहे थे, तभी रास्ते में उन्हें कुछ आदिवासी महिलाएं और बच्चे दिखाई दिए। उन्होंने गाड़ी रुकवाकर महिलाओं से संवाद किया और पूछा कि क्या उन्हें लाड़ली बहना योजना की राशि मिल रही है।

वायरल वीडियो में विधायक महिलाओं द्वारा योजना की राशि मिलने की बात कहने पर उन्हें बच्चों और खुद की सेहत का ध्यान रखने की सलाह देते सुनाई दे रहे हैं। वे महिलाओं से कहते हैं कि लाड़ली बहना के पैसों से अंडे, मुर्गा और मछली खरीदकर खाएं तथा बच्चों को भी खिलाएं, ताकि वे स्वस्थ रहें। इसी संवाद के दौरान उन्होंने महिलाओं से कमल के निशान को वोट देने की अपील भी की।

वीडियो वायरल होने के बाद कांग्रेस ने इस मुद्दे पर भाजपा पर निशाना साधा है। कांग्रेस नेता कुणाल चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर यह वीडियो साझा करते हुए सवाल उठाए।

विवाद बढ़ने पर विधायक राजकुमार कर्राहे ने अपनी स्थिति स्पष्ट की है। उनका कहना है कि मेले से लौटते वक्त रास्ते में महिलाएं और बच्चे दिखे, तो उन्होंने गाड़ी रोककर पूछा कि वे क्या खा रहे हैं। महिलाओं ने बताया कि वे खुद कुछ नहीं खा रही हैं, बल्कि बच्चे और अन्य लोग खा रहे हैं। इस पर उन्होंने महिलाओं को लाड़ली बहना की राशि से पौष्टिक भोजन खरीदने और बच्चों को खिलाने की सलाह दी। विधायक ने यह भी दावा किया कि बातचीत के दौरान उन्होंने महिलाओं को पानी पीने और शराब से दूर रहने की समझाइश भी दी थी। कर्राहे के मुताबिक, उन्होंने कहा था कि 'पानी पियो और दारू मत पियो', लेकिन संवाद का यह हिस्सा वीडियो में रिकॉर्ड नहीं हो पाया। उन्होंने कहा कि उनकी मंशा केवल लोगों को अच्छे खानपान और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित करने की थी।