भाजपा संगठन का दो दिवसीय वर्कशॉप शुक्रवार को दिल्ली के पूसा में शुरू हुआ, जिसमें राष्ट्रीय पदाधिकारी और राज्यों के प्रभारी शामिल हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उद्घाटन सत्र में पहुंचे हैं और पार्टी पदाधिकारियों से बातचीत कर सकते हैं। उद्घाटन सत्र में वर्कशॉप का एजेंडा और लक्ष्य तय किए जाएंगे।
उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बी.एल. संतोष कर रहे हैं। सत्र में संगठन को मजबूत करने और पार्टी की गतिविधियों को आगे बढ़ाने पर चर्चा होगी। नितिन नवीन भी प्रतिभागियों को संबोधित कर सकते हैं। रात करीब 9 बजे अनौपचारिक बातचीत का सत्र शुरू होगा, जो देर रात तक चलने की उम्मीद है।
वर्कशॉप के दूसरे दिन शनिवार को सुबह से कार्यवाही शुरू होगी और तीन सत्र रखे गए हैं। इन सत्रों में पार्टी पदाधिकारियों को संगठन के कामकाज और रणनीतियों की जानकारी दी जाएगी तथा पार्टी के विभिन्न स्तरों पर काम मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा होगी। सूत्रों के मुताबिक, वर्कशॉप में छोटे समूहों में भी चर्चा होगी, जिसमें पदाधिकारी संगठन की प्राथमिकताओं और भविष्य की रणनीतियों पर विचार रख सकेंगे। समापन सत्र शाम करीब 4 बजे शुरू होगा।
वर्कशॉप का उद्देश्य भाजपा के संगठनात्मक नेटवर्क को मजबूत करने के लिए पदाधिकारियों को दिशा देना है। नई टीम के कार्यभार संभालने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों के बीच यह दूसरी बातचीत होगी। इससे पहले पीएम मोदी ने 22 अगस्त को नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में राष्ट्रीय पदाधिकारियों से मुलाकात की थी। यह भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन की 65 सदस्यीय टीम की घोषणा के बाद उनकी पहली बैठक थी। नितिन नवीन ने 17 अगस्त को 65 सदस्यीय टीम का ऐलान किया था। बैठक के बाद पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा था कि संगठनात्मक बैठकें पार्टी को मजबूत करने और लोगों से जुड़ाव बढ़ाने के लिए नए विचारों और नजरियों पर चर्चा का मंच होती हैं।
