अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा शुक्रवार को भारत की आर्थिक वृद्धि की तारीफ किए जाने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा है। भाजपा का कहना है कि दुनिया भारत की बढ़ती आर्थिक ताकत को स्वीकार कर रही है, जबकि विपक्षी नेता इस पर आंखें मूंदे हुए हैं।

भाजपा नेता आशीष सूद ने राहुल गांधी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि विपक्ष के नेता जानबूझकर भारत की आर्थिक उन्नति को नजरअंदाज कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ट्रंप ने भारत की 7 प्रतिशत जीडीपी ग्रोथ को मान्यता दी है, जो दिखाता है कि भारत की वैश्विक साख बढ़ रही है। सूद ने कहा कि जहां पूरी दुनिया भारत की बढ़ती आर्थिक ताकत को मान रही है, वहीं राहुल गांधी समेत विपक्ष के नेता इस पर आंखें मूंदे हुए हैं।

गौरतलब है कि ट्रंप ने भारत की कम ब्याज दरों की तारीफ करते हुए 7 प्रतिशत ग्रोथ का जिक्र किया था। उन्होंने अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ऊंची ब्याज दरों की आलोचना करते हुए कहा था कि अगर कर्ज लेने की लागत कम की जाए, तो अमेरिकी अर्थव्यवस्था अधिक तेजी से विकास करेगी। ट्रंप ने कहा था कि भारत में ब्याज दरें कम हैं और वहां जीडीपी वृद्धि 7 प्रतिशत है।

उल्लेखनीय है कि पिछली बार जब ट्रंप ने भारतीय अर्थव्यवस्था को लेकर तीखा बयान दिया था, तब विपक्षी दलों ने केंद्र सरकार को घेरा था। इस बार विपक्ष की ओर से कोई जवाब न आने पर भाजपा ने पलटवार किया है। भारत पिछले काफी समय से दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बना हुआ है, और वैश्विक संस्थानों के मुताबिक आने वाले समय में भी इसी गति से विकास करता रहेगा।