भाजपा उत्तर प्रदेश में ग्रामीण क्षेत्रों में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए 'चौपाल' रणनीति अपना रही है। पार्टी संवाद बढ़ाने पर फोकस कर रही है, जिससे मतदाताओं का भरोसा जीतने में आसानी होगी। सभी विधायकों को अपने-अपने क्षेत्रों में 50-50 चौपाल लगाने का लक्ष्य दिया गया है। जिन क्षेत्रों में पार्टी के विधायक नहीं हैं, वहां विधान परिषद सदस्यों एवं राज्य सभा सदस्यों की जिम्मेदारी होगी। इन चौपालों में पिछड़ा वर्ग, महिला, युवा एवं किसानों पर ज्यादा फोकस रहेगा और संबंधित मोर्चों एवं प्रकोष्ठों को भी भूमिका दी जाएगी।
केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व ने क्षेत्रीय स्तर की बैठकों के फीडबैक के आधार पर तय किया कि ग्रामीण क्षेत्रों पर विशेष होमवर्क करना होगा। शहरी सीटों पर भाजपा हमेशा मजबूत रही है, लेकिन 2024 के लोकसभा चुनाव परिणाम बताते हैं कि पार्टी की जड़ ग्रामीण क्षेत्रों में कमजोर हुई है। पार्टी अब केंद्र एवं राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों तक पहुंचकर अपना सामाजिक आधार बढ़ाने की रणनीति पर चल रही है। जिन क्षेत्रों में जिस जाति की आबादी ज्यादा है, वहां उसी समुदाय का चेहरा भेजा जाएगा।
चौपालों के बहाने मुद्दों को समझने एवं उपलब्धियों पर जनता को अपने साथ जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है। पार्टी लोगों को 2017 से पहले के प्रदेश और उसके बाद के प्रदेश में अंतर दिखाएगी। चौपालों में क्या विषय रखा जाएगा, इस पर मथुरा की बैठक में रोडमैप बन चुका है। विधायक अपने साथ सरकार की उपलब्धियों का पत्रक लेकर जाएंगे। इसे विधायकों के लिए टिकट पर अपनी दावेदारी बढ़ाने का अवसर भी माना जा रहा है। प्रदेश की 403 में से 255 विधान सभा सीटों पर भाजपा के विधायक हैं।
जहां भाजपा के विधायक नहीं हैं, वहां एमएलसी एवं राज्य सभा सदस्य चौपाल लगाएंगे। इसमें सभी बूथों, शक्ति केंद्रों एवं मंडलों को भूमिका निभानी होगी। चौपालों की मानीटरिंग प्रदेश इकाई करेगी और फीडबैक के आधार पर नए मुद्दे भी तय किए जाएंगे।
