मुंबई: बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के बोरीवली स्थित हरिलाल भगवती महानगरपालिका सर्वसाधारण अस्पताल की इमारत बनकर तैयार हो गई है। स्थानीय भाजपा विधायक मनीषा चौधरी और बीएमसी सभागृह नेता गणेश खणकर ने दावा किया है कि अगले पांच महीनों में अस्पताल में ओपीडी शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने यह भी दावा किया कि यहां बीएमसी के मरीजों को दिल्ली के एम्स और मुंबई के कोकिलाबेन अंबानी अस्पताल जैसी विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी।
85,826.50 वर्ग मीटर में बनी आठ मंजिला इस इमारत पर बीएमसी ने 483 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। अस्पताल को पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल पर निजी संस्थान को दिया जाएगा। कुल 490 बेड वाले अस्पताल में से 245 बेड बीएमसी के पास रहेंगे। अस्पताल के पूरी तरह काम करने में अभी करीब 15 महीने लगेंगे। इसके शुरू होने से पश्चिम उपनगर के लोगों को राहत मिलेगी और उन्हें दक्षिण मुंबई के अस्पतालों में नहीं आना पड़ेगा।
शनिवार को अस्पताल के निरीक्षण के बाद विधायक मनीषा चौधरी ने कहा कि यह अस्पताल गरीब और जरूरतमंद मरीजों के लिए संजीवनी जैसा है। आयुष्मान भारत कार्डधारकों सहित अन्य सरकारी योजनाओं के पात्र मरीजों को प्राथमिकता के साथ मुफ्त और रियायती दरों पर इलाज मिलेगा। सटीक निदान और त्वरित उपचार के लिए आधुनिक एआई तकनीक का भी उपयोग किया जाएगा।
सभागृह नेता गणेश खणकर ने कहा कि बीएमसी और सरकारी बीमा योजनाओं के मरीजों के लिए सुविधाएं सुरक्षित रखी गई हैं, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर तबके को मुफ्त या बेहद कम दरों पर गुणवत्तापूर्ण इलाज मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि अब तक मरीजों को एमआरआई, सीटी स्कैन, सोनोग्राफी, एक्स-रे, बीएमडी और डायलिसिस जैसी जांचों के लिए निजी लैब में हजारों रुपये खर्च करने पड़ते थे, लेकिन अब ये सभी सुविधाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगी। निरीक्षण के दौरान नगरसेवक जितेंद्र पटेल, नगरसेविका योगिता पाटील, नगरसेविका तेजस्वी घोसालकर, पूर्व नगरसेवक जगदीश ओझा, जिला उपाध्यक्ष अरविंद यादव, मंडल अध्यक्ष शशिकांत कदम और मंडल महिला मोर्चा अध्यक्ष सुनीता सिंह सहित अन्य लोग मौजूद थे।
