बीआरए बिहार विश्वविद्यालय में नए सत्र के लिए कॉलेजों की संबद्धता प्रक्रिया शुरू हो गई है। विश्वविद्यालय ने 50 कॉलेजों की आधारभूत संरचना और अन्य मानकों के निरीक्षण के लिए एक दर्जन कमेटियों का गठन किया है। सोमवार से निरीक्षण शुरू होगा और रविवार को टीमों को कॉलेज व जिले आवंटित किए जाएंगे।
सत्र 2027 के लिए पोर्टल पर नव संबंधन, संबंधन विस्तार और स्थायी संबंधन की तीन श्रेणियों में 66 कॉलेजों ने ऑनलाइन आवेदन किया था। दस्तावेजों की जांच समेत अन्य प्रक्रिया में 16 कॉलेज मानकों पर खरे नहीं उतरे। अब 50 कॉलेजों का निरीक्षण किया जाएगा।
विश्वविद्यालय की योजना है कि एक सप्ताह के भीतर निरीक्षण पूरा कर कमेटी अपनी रिपोर्ट तैयार करेगी। एक टीम एक दिन में दो कॉलेजों का निरीक्षण करेगी। इसके बाद रिपोर्ट को न्यू टीचिंग एंड एफिलिएशन कमेटी की बैठक में रखा जाएगा।
नए सत्र में संबद्धता के लिए कॉलेजों में बुनियादी सुविधाओं पर विशेष जोर दिया जाएगा। विभाग के प्रावधान के तहत नव संबंधन के लिए आवेदन करने वाले कॉलेजों में 20 प्रतिशत शिक्षकों के लिए आवास और 20 प्रतिशत नामांकित विद्यार्थियों के लिए छात्रावास की सुविधा अनिवार्य है। इस शर्त पर अधिकांश कॉलेजों की दावेदारी खारिज हो सकती है।
