महावीर चक्र विजेता ब्रिगेडियर डेसमंड यूजीन हेड ने 1965 के डोगराई युद्ध में जाट रेजिमेंट के 393 जवानों के साथ पाकिस्तान में घुसकर वीरता का परिचय दिया था। इंग्लैंड में जन्मे ब्रिगेडियर हेड ने अपने जीवन का अंतिम समय पत्नी शीला हेड के साथ कोटद्वार में बिताया। कोटद्वार में उनके नाम से हेड हेरिटेज एकेडमी नाम का एक प्रतिष्ठित निजी विद्यालय संचालित हो रहा है।

हेड महज 18 दिन के थे, जब मां की गोद में पिता वाल्टर के साथ इंग्लैंड से भारत आ गए थे। पिता सेना में थे और 1914-18 के बीच गोरखा रेजिमेंट में रहते हुए तुर्किये के विरुद्ध युद्ध में हिस्सा लिया था। हेड ने कोलकाता में शिक्षा ग्रहण की और 1947-48 के स्वतंत्र भारत के पहले बैच में आइएमए देहरादून से सेना में कमीशन प्राप्त किया। भारत-पाक विभाजन के दौरान उनके आठ भाई व दो बहनें न्यूजीलैंड जाकर बस गए।

1965 में वह ले.कर्नल के रूप में खेमकरन में तीन जाट रेजिमेंट के कमांडिंग आफिसर थे। दो सितंबर को उन्हें अंतरराष्ट्रीय सीमा व इच्छोगिल नहर पार कर पाकिस्तान में घुसने के आदेश मिले। छह सितंबर की सुबह उनकी कमांड ने सीमा पार कर पाकिस्तान में प्रवेश किया और 14 माइल स्टोन पर दयाल विलेज को कब्जे में ले लिया। पाकिस्तान की तीन बलूच रेजिमेंट को परास्त कर उन्होंने डोगराई (लाहौर) गांव को भी कब्जे में ले लिया। दोपहर बाद 11.5 माइल स्टोन पर अटोके आवन व बाटापुर भी भारतीय सेना के कब्जे में आ गए। तब तक पंजाब से भारतीय सेना की अन्य टुकड़ियां अंतरराष्ट्रीय सीमा तक भी नहीं पहुंच पाई थीं, इसलिए उन्हें वापस लौटने के निर्देश मिले। 22 सितंबर को एक बार फिर तीन जाट रेजिमेंट ने उनके नेतृत्व में डोगराई पर हमला किया और उसे कब्जे में ले लिया। इस लड़ाई को दुनिया की बेहतरीन लड़ाइयों में से एक माना जाता है। इसके बाद हेड को ब्रिगेडियर के रूप में पदोन्नति मिली।

सेवाकाल में बरेली प्रवास के दौरान हेड गढ़वाल कमिश्नरी के जनक बैरिस्टर मुकंदीलाल की पुत्री शीला (कलावती) से विवाह के बंधन में बंधे। हेड के तीन पुत्र वाल्टर, माइकल व नार्मन विदेश में बस गए, लेकिन उन्होंने भारत में रहने का निर्णय लिया। ससुर बैरिस्टर मुकंदीलाल के बीमार होने पर हेड ने कोटद्वार में ही बसने का निर्णय लिया। कनाडा व इंग्लैंड में बसे पुत्र उन्हें साथ ले जाने की जिद करते रहे, लेकिन देवभूमि से लगाव के कारण वे यहीं रहे। उन्होंने कोटद्वार में सीएसडी कैंटीन व सूर्या मल्टीप्लेक्स खुलवाने के साथ ही गढ़वाल पूर्व सैनिक-अर्द्ध सैनिक लीग का गठन किया और उसके माध्यम से पूर्व सैनिकों व वीरांगनाओं की मदद में अहम भूमिका निभाई। 25 सितंबर 2013 को उन्होंने कोटद्वार में ही आखिरी सांस ली। उन्होंने ब्लड एंड स्टील, बैटल आफ डोगराई, थ्री-वे मिरर सहित चार किताबें भी लिखीं।