नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्लीवासियों से अपील की है कि वे अपने फोन में 181 (महिला हेल्पलाइन) और 112 (इमरजेंसी हेल्पलाइन) नंबर सेव करके रखें और इन्हें अपने परिवार के सदस्यों के साथ भी साझा करें। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा कि इमरजेंसी के दौरान समय पर मदद मिलना सबसे जरूरी है। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा और सुरक्षित दिल्ली के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

सीएम रेखा गुप्ता ने एक वीडियो मैसेज में कहा कि दो नंबर केवल याद नहीं रखने हैं, बल्कि दिमाग में रट लेने हैं। उन्होंने कहा कि संकट की घड़ी में लोग अक्सर उलझ जाते हैं और समझ नहीं आता कि 100 नंबर मिलाएं या 101 डायल करें, किसको बुलाएं या पुलिस को कैसे सूचित करें। ऐसे में इन दो नंबरों को याद कर लेना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 181 नंबर केवल महिला सहायता हेल्पलाइन है, जबकि 112 हर तरह की इमरजेंसी के लिए है, जिसे एंबुलेंस, पुलिस या किसी भी आपात स्थिति में मदद के लिए डायल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि अगर संकट में आप खुद हैं या किसी और को ऐसी स्थिति में देख रहे हैं, तो इन नंबरों को मोबाइल में इमरजेंसी नंबर के तौर पर सेव कर लें। उन्होंने कहा कि शहर की हर बेटी और हर महिला की सुरक्षा हमारी सुरक्षा और हमारी साझी जिम्मेदारी है।

खास तौर पर 181 नंबर महिलाओं की मदद के लिए है। अगर कोई महिला किसी भी तरह की परेशानी, छेड़छाड़, घरेलू हिंसा या असुरक्षा महसूस कर रही है, तो वह इस नंबर पर कॉल कर सकती है। वहीं, 112 एक यूनिवर्सल इमरजेंसी नंबर है, जिस पर पुलिस, एंबुलेंस और फायर समेत किसी भी इमरजेंसी मदद के लिए कॉल किया जा सकता है।