क्राइस्टचर्च के हेगली ओवल में खेले जा रहे टेस्ट सीरीज के दूसरे और निर्णायक मैच के दूसरे दिन स्टंप तक भारतीय टीम ने 6 विकेट पर 116 रन बना लिए हैं। मेजबान न्यूजीलैंड की पहली पारी आज दूसरे सेशन में 356 रनों पर समाप्त हुई थी, जिसके चलते भारत अभी भी 240 रनों से पीछे है।
भारतीय पारी की शुरुआत खराब रही। पहले ही ओवर में मैट हेनरी ने यशस्वी जायसवाल को बिना खाता खोले आउट कर दिया। दूसरे विकेट के लिए केएल राहुल और देवदत्त पडिक्कल ने 33 रन जोड़े। पडिक्कल 21 रन बनाकर काइल जेमिसन की गेंद पर आउट हुए। कप्तान शुभमन गिल भी 17 रन ही बना सके और टी ब्रेक से पहले जेमिसन ने उन्हें पवेलियन भेजा। ऋषभ पंत ने 23 रन बनाए, जबकि केएल राहुल 80 गेंदों पर 25 रन बनाकर जैकब डफी का शिकार बने। 104 के स्कोर पर भारत का पांचवां विकेट गिरा। स्टंप से पहले आखिरी गेंद पर वॉशिंगटन सुंदर 60 गेंदों पर 10 रन बनाकर आउट हुए। ध्रुव जुरेल 45 गेंदों पर 7 रन बनाकर नाबाद हैं। काइल जेमिसन और जैकब डफी ने 2-2 तथा मैट हेनरी और नाथन स्मिथ ने 1-1 विकेट लिए।
इससे पहले न्यूजीलैंड ने 5 विकेट पर 246 रन से आगे खेलना शुरू किया। दिन के दूसरे ही ओवर में ग्लेन फिलिप्स 36 रन बनाकर अंशुल कंबोज का शिकार बने। टॉम ब्लंडेल ने नाथन स्मिथ के साथ सातवें विकेट के लिए 44 रन जोड़े। स्मिथ 26 रन बनाकर आकाश दीप की गेंद पर आउट हुए। ब्लंडेल 211 गेंदों में 10 चौकों की मदद से 89 रन बनाकर आउट हुए। काइल जेमिसन और मैट हेनरी ने 19-19 रन का योगदान दिया, हेनरी आकाश दीप की गेंद पर आखिरी बल्लेबाज के रूप में आउट हुए।
पहले दिन टॉम लाथम ने 128 गेंदों में 59 रन बनाए थे। भारत की ओर से आकाश दीप ने 31.1 ओवर में 99 रन देकर 5 विकेट चटकाए। डेब्यूटेंट गुरनूर बरार ने 78 रन देकर 2 और अंशुल कंबोज ने 2 विकेट लिए, जबकि वॉशिंगटन सुंदर को एक सफलता मिली। जसप्रीत बुमराह 26 ओवर डालने के बाद भी खाली हाथ रहे।
