काशी तमिल संगमम का पहला जत्था शुक्रवार शाम आठ बजे बनारस स्टेशन पहुंचा। कन्याकुमारी से आए 207 छात्रों का रेलवे की ओर से तिलक लगाकर, माला पहनाकर और ढोल-नगाड़ों की थाप के साथ स्वागत किया गया। ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर पहुंचते ही छात्रों ने हर-हर महादेव के नारे लगाए। रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों ने फूल-माला से उनका स्वागत किया और यात्रा के बारे में जानकारी लेकर काशी में उनके प्रवास के लिए शुभकामनाएं दीं। स्टेशन पर मौजूद अन्य यात्री भी इस स्वागत को देखने के लिए रुके।
स्वागत के बाद सभी छात्रों को बसों से उनके ठहरने के स्थान के लिए रवाना किया गया। रेलवे की ओर से छात्रों के ठहरने, भोजन और भ्रमण की व्यवस्था की गई है। छात्र अगले कुछ दिनों तक काशी में रहेंगे और इस दौरान काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन करेंगे, गंगा आरती में शामिल होंगे तथा सारनाथ, प्रयागराज और अयोध्या समेत विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों का भ्रमण करेंगे।
संगमम का मुख्य उद्देश्य उत्तर और दक्षिण भारत की संस्कृति, भाषा, खानपान और परंपरा को एक-दूसरे से जोड़ना है। छात्र यहां के विद्यार्थियों से मिलेंगे, सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे और बनारसी खानपान का स्वाद भी चखेंगे। तमिलनाडु से आए छात्रों ने कहा कि बनारस पहुंचकर उन्हें अपने घर आने जैसा महसूस हुआ और काशी के लोगों का प्यार उन्हें लंबे समय तक याद रहेगा।
स्वागत समारोह में बीएचयू कुलपति प्रो. अजीत कुमार चतुर्वेदी, डीआरएम आशीष जैन, सीनियर डीसीएम प्रशस्ति श्रीवास्तव, स्टेशन अधीक्षक विवेक सिंह, स्टेशन उपाधीक्षक सर्वेश पांडेय और क्षेत्रीय मंत्री जगदीश त्रिपाठी समेत काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।
