टोल टैक्स बचाने के लिए वाहन की नंबर प्लेट से छेड़छाड़ करना या उसे छिपाना अब वाहन मालिकों को भारी पड़ सकता है। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर सामान्य टोल शुल्क से 5 गुना ज्यादा पेनाल्टी लागू करने और वाहन चालकों के बीच जागरूकता फैलाने का निर्देश दिया है। यह पेनाल्टी मोटर व्हीकल एक्ट के तहत लगने वाले चालान से अलग होगी।
मंत्रालय नियमों में संशोधन का प्रस्ताव तैयार कर रहा है, जिसके तहत नंबर प्लेट से छेड़छाड़ करते पकड़े जाने पर NHAI जैसी हाईवे एजेंसियां सामान्य टोल से 5 गुना ज्यादा शुल्क वसूल सकेंगी। इसके अलावा राज्य परिवहन विभाग मोटर व्हीकल एक्ट के तहत पहली बार पकड़े जाने पर 5,000 रुपये और दोबारा नियम तोड़ने पर 10,000 रुपये का अलग से चालान काट सकेंगे।
अधिकारियों के मुताबिक अगले कुछ महीनों में एक हाई-टेक सिस्टम लागू किया जाएगा, जो टोल प्लाजा पर ली गई तस्वीरों, गाड़ी की डिटेल्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल करके उन गाड़ियों की तुरंत पहचान करेगा जिनकी नंबर प्लेट से छेड़छाड़ की गई है या नंबर छिपाए गए हैं।
कुछ समय पहले दिल्ली के मुंडका टोल प्लाजा से कई ऐसे मामले सामने आए थे, जहां बैरियर-फ्री टोल व्यवस्था के तहत कई वाहन मालिक टोल से बचने के लिए नंबर प्लेट के साथ छेड़छाड़ कर रहे थे। मुंडका टोल प्लाजा पर बैरियरलेस टोलिंग शुरू होने के कुछ ही दिनों बाद NHAI ने इस समस्या पर चिंता जताते हुए दिल्ली सरकार को पत्र लिखकर कड़ी निगरानी रखने की मांग की थी।
