तिहाड़ जेल नंबर 1 के एक वॉर्ड से कथित तौर पर 12 से 18 किलो तंबाकू बरामद किया गया है। जेल कर्मियों ने गुप्त सूचना के आधार पर छापा मारकर यह खेप सीज की है। बरामदगी की आधिकारिक पुष्टि जेल प्रशासन से होना बाकी बताया जा रहा है।

जेल सूत्रों के मुताबिक तंबाकू की यह खेप कैदियों के सोने वाले फट्टे के साथ छिपाकर रखी गई थी। जिस वॉर्ड से बरामदगी हुई, वहां रहने वाले एक कैदी को कुछ समय पहले मंडोली जेल में ट्रांसफर किया गया था। जेल प्रशासन को आशंका थी कि वह तंबाकू बेचने के धंधे में शामिल है। ऐसी भी आशंका जताई जा रही है कि इसी कैदी ने यह तंबाकू आगे बेचने के लिए किसी दूसरे कैदी को दिया होगा।

इस बरामदगी को लेकर पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। जेल प्रशासन खुद यह पता लगा रहा है कि तंबाकू का सोर्स क्या है और यह आगे किन वॉर्डों में पहुंचना था। तिहाड़ हेडक्वार्टर प्रशासन ने मामले की छानबीन के लिए एक कमिटी बनाई है।

जांच में सामने आया है कि जेल में इस तरह के प्रतिबंधित पदार्थ की भारी मांग रहती है। कोल्ड ड्रिंक के ढक्कन जितनी तंबाकू की कीमत 500 से 1500 रुपये तक बताई जाती है। मुलाकात या अस्पताल में इलाज के लिए बाहर जाने वाले कुछ कैदी इसे शरीर में छिपाकर अंदर लाते हैं और फिर ऊंची कीमत पर बेचा जाता है। पकड़े जाने से बचने के लिए तंबाकू को कार्बन पेपर के अंदर लाने की बात भी सामने आई है।