भोपाल/सीहोर: ब्रिटेन ने प्रथम विश्व युद्ध के अपने लगभग 1.94 बिलियन पाउंड के बकाया कर्ज का भुगतान कर दिया है, लेकिन सीहोर के कारोबारी से 1917 में लिए गए इंडियन वॉर लोन का मामला अब भी अनसुलझा है। सेठ जुम्मालाल रुठिया से ब्रिटिश सरकार ने कथित तौर पर 35,000 रुपए का कर्ज लिया था। रुठिया परिवार ने 109 साल बाद बकाया राशि के भुगतान के लिए यूके के डेट मैनेजमेंट ऑफिस से संपर्क किया है। परिवार का दावा है कि उसके पास अभी भी मूल निवेश प्रमाण पत्र मौजूद है।

यूके के फ्रीडम ऑफ इंफॉर्मेशन एक्ट के तहत 19 नवंबर को दिए गए जवाब में डेट मैनेजमेंट ऑफिस ने कहा कि उसके पास 1917 के इंडियन वॉर लोन से जुड़ा कोई रिकॉर्ड नहीं है और भारत में जारी वॉर लोन के बारे में पहले आए किसी भी सवाल की जानकारी नहीं है। विभाग ने सुझाव दिया कि रिकॉर्ड खोजने के लिए मूल भारतीय जारीकर्ता संस्था से संपर्क करना होगा। विभाग ने यह भी कहा कि उसे इस निवेश से जुड़ा कोई सर्टिफिकेट ऑफ टाइटल नहीं मिला है।

परिवार के सदस्य विनय रुठिया ने सवाल उठाया है कि ब्रिटिश अधिकारियों ने इस निवेश की प्रकृति और प्रमाणिकता जानने के लिए उपलब्ध दस्तावेज की जांच क्यों नहीं की। उन्होंने कहा कि वह उस रकम के लिए लड़ते रहेंगे, जिसे वह अपने परिवार का हक मानते हैं। उनका कहना है कि रकम वापस मिलने पर पूरी राशि भारतीय सैन्य कर्मियों के कल्याण कार्यों के लिए दान कर दी जाएगी।

गौरतलब है कि यह जवाब टाइम्स ऑफ इंडिया की उन रिपोर्ट्स पर आया है, जिनमें परिवार ने दावा किया था कि सेठ जुम्मालाल रुठिया ने 4 जून 1917 को इंडियन वॉर लोन में 35,000 रुपए का निवेश किया था। यह प्रमाण पत्र सेठ रामा किशन जसकरण रुठिया फर्म से जुड़ा है और इस पर तत्कालीन पॉलिटिकल एजेंट डब्ल्यू एस डेविस के साइन हैं। परिवार का दावा है कि उसे न तो मूलधन मिला और न ही 5.5 फीसदी का सालाना ब्याज, जिसका वादा किया गया था।