केंद्र सरकार ने BS-6 वाहन मालिकों को प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUC) को लेकर राहत दी है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने 13 नवंबर को इस संबंध में अधिसूचना जारी की थी। नए नियमों के तहत नई BS-6 गाड़ियों को खरीदने के बाद तीन साल तक PUC रिन्यू करवाने की जरूरत नहीं होगी। वहीं छह साल तक पुरानी BS-6 निजी गाड़ियों के लिए भी प्रमाणपत्र तीन साल तक वैध रहेगा। BS-6 परिवहन वाहनों को अब हर साल की जगह हर दो साल में PUC बनवाना होगा।
छह से दस साल तक पुरानी BS-6 गाड़ियों के लिए हर साल PUC सर्टिफिकेट बनवाना होगा, जबकि दस साल से ज्यादा पुरानी गाड़ियों को हर छह महीने में यह प्रमाणपत्र लेना होगा। सरकार ने स्पष्ट किया है कि BS-6 से पहले के उत्सर्जन मानकों वाले वाहनों को इन नियमों में कोई राहत नहीं दी गई है। इन वाहनों को पुराने नियमों के अनुसार ही अपनी वैधता साबित करनी होगी।
प्रमाणपत्र की तारीख को लेकर भी नियम तय किए गए हैं। अगर PUC सर्टिफिकेट खत्म होने से पहले नया सर्टिफिकेट जारी करवाया जाता है, तो उसकी अवधि नई तारीख से शुरू होगी। अगर यह खत्म होने के 10 दिन पहले शुरू होती है, तो अवधि पुराने प्रमाणपत्र की समाप्ति की तारीख से गिनी जाएगी। वहीं खत्म होने के बाद रिन्यू करवाने पर वैधता नई तारीख से शुरू होगी।
केंद्र सरकार के मुताबिक, इन नियमों को केंद्रीय मोटर वाहन में अधिसूचित किया गया है और राजपत्र पर प्रकाशन के साथ ही ये लागू हो गए हैं। हालांकि, नियम लागू होने से पहले जारी किए गए PUC प्रमाणपत्रों की वैधता अपने आप नहीं बदलेगी। नए नियम केवल लागू होने के बाद करवाए जा रहे प्रमाणपत्रों पर ही लागू होंगे।
