उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में नोएडा एसटीएफ और दिल्ली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में डी-कंपनी से जुड़े कुख्यात गैंगस्टर नसीम दुर्रानी मुठभेड़ में मारा गया। पुलिस को उसकी लंबे समय से तलाश थी। जानकारी के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान नसीम और पुलिस के बीच कई राउंड फायरिंग हुई, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस उसे अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उपचार के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया।
दिल्ली पुलिस और नोएडा एसटीएफ को बुलंदशहर में उसकी मौजूदगी की सूचना मिली थी, जिसके आधार पर संयुक्त टीम ने कार्रवाई शुरू की। इसी दौरान मुठभेड़ हुई। मामले की आगे की जानकारी का इंतजार है।
बताया जाता है कि नसीम दुर्रानी पर हत्या, हत्या के प्रयास और लूट जैसे 25 से अधिक मामले दर्ज थे। वह अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा शकील के संपर्क में रहा था। जानकारी के मुताबिक, छोटा शकील ने उसे छोटा राजन की हत्या की सुपारी दी थी। उस पर पाकिस्तानी मूल के तारिक फतेह की हत्या में साजिश रचने का भी आरोप है।
पुलिस के अनुसार, दो दिन पहले कपिल मिश्रा के कार्यालय के बाहर समीर नाम के एक युवक की गोली मारकर हत्या की गई थी, जिसमें नसीम दुर्रानी के शामिल होने की बात कही जा रही है। उस घटना के बाद पुलिस टीमें उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थीं।
