बुलंदशहर में प्रदूषण नियंत्रण के लिए पेट्रोल पंपों पर ऑटोमेटिक नंबर प्लेट रिकॉर्डर (एएनपीआर) कैमरे लगाए जाएंगे। ये कैमरे वाहन पोर्टल से जुड़कर प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों को रिकॉर्ड करेंगे। जिन वाहनों के पास पीयूसीसी नहीं होगा, उन्हें पंप पर ईंधन देने से रोका जाएगा। डीएम की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय समिति गठित की गई है, जो पंपों का औचक निरीक्षण कर कैमरों की स्थापना और कार्यशीलता की जांच करेगी।
बुलंदशहर। जिले में बढ़ते प्रदूषण की रोकथाम और यातायात नियमों का पालन कराने के लिए प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। इसके तहत पेट्रोल पंपों पर ऑटोमेटिक नंबर प्लेट रिकॉर्डर (एएनपीआर) कैमरे लगाए जाएंगे और इन्हें वाहन पोर्टल से जोड़ा जाएगा, ताकि प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों को रिकॉर्ड किया जा सके।
एआरटीओ प्रशासन नीतू सिंह के अनुसार, एएनपीआर कैमरों का फायदा यह होगा कि पेट्रोल पंप पर वाहन पहुंचते ही हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट से उसकी पूरी डिटेल सामने आ जाएगी। इससे पीयूसीसी वाले वाहनों की पहचान हो सकेगी और जिन वाहनों के पास पीयूसीसी नहीं होगा, उनका भी पता चल जाएगा। ऐसे वाहनों को पेट्रोल पंपों पर ईंधन देने से रोक दिया जाएगा।
शासन के निर्देश पर जिले के पेट्रोल पंपों पर एएनपीआर कैमरे लगाने और उन्हें वाहन पोर्टल से जोड़ने के निर्देश मिले हैं। इसके लिए डीएम की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति गठित की गई है। इसमें एआरटीओ प्रवर्तन को सदस्य सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि एडीएम प्रशासन, सीओ यातायात और डीएसओ सदस्य बनाए गए हैं। यह समिति पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण करेगी और जांच करेगी कि कैमरे लगे हैं या नहीं, वे सुचारू रूप से कार्य कर रहे हैं या नहीं तथा वाहन पोर्टल से जुड़े हैं या नहीं, ताकि नंबर प्लेट स्कैन होते ही वाहन के दस्तावेजों की स्थिति का पता चल सके।
