बुलंदशहर में एक छात्रा से छेड़छाड़ के आरोपी फैजान को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पर आरोप है कि वह छात्रा का पीछा करता था, उसके साथ अश्लील इशारे करता था और छेड़छाड़ करता था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी फैजान ने 25 नवंबर को थाना खुर्जा नगर क्षेत्र में एक युवती का पीछा करते हुए उसके साथ छेड़छाड़ की थी। इस मामले में तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया था। पुलिस ने आरोपी को 26 नवंबर की रात गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि आरोपी फैजान के निशानदेही पर तमंचा बरामदगी के लिए पुलिस जंक्शन रोड पर चंद्रलोक कॉलोनी के पास पहुंची थी। इस दौरान आरोपी ने पास में छिपाए गए असलहे से पुलिस पर गोली चला दी और मौके से भागने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी।
पुलिस ने घायल अवस्था में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। आरोपी बुलंदशहर के मलगौसा गांव का रहने वाला है। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किया है। आगे की कार्रवाई के लिए आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
