योगी सरकार की कैबिनेट ने बुंदेलखंड फोर्ट सर्किट विकसित करने का निर्णय लिया है, जिसमें किले-महलों को जोड़ा जाएगा। इससे महोबा जिले की ऐतिहासिक धरोहरों का खोया वैभव लौटने की उम्मीद जगी है। माना जा रहा है कि इससे देशी-विदेशी पर्यटक आकर्षित होंगे और रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।

कस्बा जैतपुर स्थित मस्तानी महल बाजीराव-मस्तानी के प्रेम का मूक गवाह है, जिसका एक हिस्सा जीर्णशीर्ण हो चुका है। एक अक्टूबर को कार्यदायी संस्था सी एंड डीएस के आर्किटेक्ट दक्ष बब्बर और अबरार ने सर्वे कर कंडीशन मैपिंग और ड्राइंग तैयार की थी। योजना के तहत महल में लाइब्रेरी, लाइट एंड साउंड सिस्टम, म्यूजियम और ओपन एयर थियेटर बनेगा, जबकि एक हिस्से में कैफे भी विकसित किया जाएगा। स्थानीय निवासी डॉ. सतीश राजपूत के अनुसार ऐसा होने पर पर्यटन के साथ रोजगार भी बढ़ेगा।

कस्बा चरखारी का ऐतिहासिक मंगलगढ़ किला 16वीं शताब्दी में महाराजा छत्रसाल के द्वितीय बेटे महाराजा जगतराज ने बनवाया था। चरखारी रियासत समाप्त होने के बाद यह किला जिला पंचायत हमीरपुर के अधिपत्य में था और तब भी पर्यटक यहां आते रहे। पिछले 30 वर्षों में रक्षा मंत्रालय के अधिग्रहण में होने के कारण यहां नागरिकों का प्रवेश प्रतिबंधित था। करीब आठ माह पहले रक्षा मंत्रालय के जवानों ने चौकी व सुरक्षा हटाकर किला खाली कर दिया, जिसके बाद पर्यटक पहुंचने लगे, लेकिन सुरक्षा कारणों से फिलहाल प्रवेश पर रोक है। सुगिरा और श्रीनगर के किलों के पर्यटन विकास को लेकर भी उम्मीद जगी है।

पर्यटन अधिकारी डॉ. चित्रगुप्त श्रीवास्तव के अनुसार मस्तानी महल का प्रस्ताव बनाकर भेजा गया है, जबकि मंगलगढ़ किला और अन्य ऐतिहासिक किले-महलों के प्रस्ताव शासन को भेजे जाएंगे।