बूंदी जिले के नैनवां में प्रधान चुनाव के दौरान पूर्व मंत्री एवं हिंडोली विधायक अशोक चांदना और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी बहस हो गई। विवाद तब शुरू हुआ जब पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स के कारण विधायक का वाहन आगे नहीं जा सका और वे गाड़ी अंदर ले जाने पर अड़ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चुनाव की प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए रास्ते पर बैरिकेडिंग की गई थी। पुलिसकर्मियों ने निर्धारित व्यवस्था के अनुसार वाहन को आगे ले जाने से रोका, जिसके बाद मौके पर माहौल गरमा गया और कुछ देर के लिए हंगामे जैसी स्थिति बन गई।
घटना के दौरान नैनवां थाने के पुलिसकर्मी और विधायक के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय सिंह चंपावत भी मौजूद थे। बहस के दौरान अशोक चांदना ने सीआई से नाराजगी जताते हुए कहा, 'तू कौन है, कानून से ऊपर है क्या?' इसके बाद विवाद और बढ़ गया।
मामला यहीं नहीं रुका। विधायक अशोक चांदना ने खुद अपने हाथों से रास्ते में लगाए गए बैरिकेड्स हटा दिए। इस दौरान पुलिसकर्मियों और विधायक के बीच तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने स्थिति को संभालने का प्रयास किया। कुछ समय तक घटनास्थल पर लोगों की भीड़ और गहमागहमी बनी रही।
प्रधान चुनाव जैसे संवेदनशील राजनीतिक मौके पर जनप्रतिनिधि और पुलिस के बीच हुई इस नोकझोंक ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल नैनवां में हुई इस घटना की चर्चा सियासी गलियारों में तेज है। अब इस पूरे मामले को लेकर पुलिस प्रशासन और राजनीतिक हलकों की प्रतिक्रिया पर नजर रहेगी।
