कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया के लैंगली इलाके में एक जलती हुई कार के अंदर 25 वर्षीय भारतीय युवक तुषार शर्मा का शव मिला है। पुलिस ने संदिग्ध हत्या के मामले में जांच शुरू कर दी है और मामले की गंभीरता को देखते हुए कनाडा की इंटीग्रेटेड होमिसाइड इन्वेस्टिगेशन टीम (IHIT) ने जांच की कमान संभाल ली है।

पुलिस के अनुसार, 29 अक्टूबर की रात लगभग 10:30 बजे लैंगली के रॉलिन्सन क्रेसेंट इलाके में एक गाड़ी के जलने की सूचना मिली। लैंगली पुलिस और अग्निशमन विभाग के कर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे। आग बुझाने के दौरान आपातकालीन कर्मियों को गाड़ी के अंदर इंसानी अवशेष दिखाई दिए। इन अवशेषों से तुषार शर्मा की पहचान हुई। जानकारी के मुताबिक शर्मा सरे के रहने वाले थे।

मामले की जांच में लैंगली RCMP, फोरेंसिक टीमें और बीसी कोरोनर्स सर्विस भी सहयोग कर रही हैं। जांचकर्ता यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि शर्मा की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उससे पहले क्या घटनाएं हुईं। वे यह भी जानने का प्रयास कर रहे हैं कि मौत से पहले वह कहां-कहां गया और किन लोगों के संपर्क में था। पुलिस हादसे के एंगल से भी जांच कर रही है। एनडीटीवी की खबर के मुताबिक जांच टीमें मामले को तेजी से आगे बढ़ाने में जुटी हैं।