कनाडा ने सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ की गिरफ्तारी की जानकारी देने वाले को 2,50,000 डॉलर तक का इनाम देने की घोषणा की है। कनाडा ने उसे अपने बोलो कार्यक्रम की सबसे वांछित भगोड़ों की नई टॉप-25 सूची में नंबर एक संदिग्ध के रूप में नामित किया है। सूत्रों के मुताबिक, बराड़ का नाम अमेरिका के शीर्ष दस गैंगस्टरों की सूची में भी शामिल है।
सिद्दू मूसेवाला की हत्या में शामिल बराड़ की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं, क्योंकि जहां वह छिपकर बैठा है, उस देश ने उसे मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल कर दिया है। सूत्रों के अनुसार, बराड़ दोनों सूचियों में शीर्ष पर पहुंचने वाला भारतीय मूल का पहला गैंगस्टर है।
इस घटनाक्रम से यह संकेत भी मिलता है कि एफबीआई के ऑपरेशन हार्डबॉल के बाद बराड़ चुपके से कनाडा में घुस गया होगा, जिससे कनाडाई अधिकारियों को सतर्क होने का संकेत मिला है।
